सोलन ( हिमाचल वार्ता न्यूज) कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने कहा कि तनाव व भाग-दौड़ वाले समय में शरीर व मन को स्वस्थ रखने के लिए योग आवश्यक है। उन्होंने कहा कि योगाभ्यास से कई शारीरिक व मानसिक लाभ होते है। विनोद सुल्तानपुरी आज परवाणू में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे थे। विनोद सुल्तानपुरी ने कहा की योग हमारी अत्यंत प्राचीन और समृद्ध परंपरा है। आज पूरे विश्व द्वारा योग को अपनाया जा रहा है। उन्होंने कहा की सभी को दैनिक जीवन में योग को अपनाना चाहिए ताकि हम एक दीर्घायु और निरोगी जीवन का आनंद ले सकें।
उन्होंने युवाओं से विशेष तौर पर आग्रह किया कि वह नशे जैसी कुरीतियों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा को सकारात्मक कार्यों में लगाएं। योग, खेल व अन्य व्ययाम को अपनाये और अपने भविष्य को उजाले की और ले जाएं।
जिला आयुष अधिकारी सोलन डॉक्टर निशा वर्मा पंवार ने इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के विषय ‘योग फॉर हेल्दी एजिंग’ थीम के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वृद्धावस्था में शरीर को सक्रिय, निरोग और मानसिक रूप से शांत रखने में योग एक सच्चे साथी की भूमिका निभाता है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला के सभी उपमंडलीय स्तरों, अस्पतालों, आयुष आरोग्य मंदिरों तथा विभिन्न चिन्हित स्थानों पर भी योग शिविरों का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर जिला योग नोडल अधिकारी डॉ. मंजेश्वर शर्मा व डॉ सोनिया धीमान, विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी, स्थानीय प्रशासन के प्रतिनिधि, युवा मंडल, निजी व सरकारी स्कूलों के छात्र, एनसीसी व अन्य खेल से जुड़े बच्चों सहित लगभग 500 लोग उपस्थित थे।
