सोलन ( हिमाचल वार्ता न्यूज)स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों को अत्याधुनिक चिकित्सा तकनीक से सुसज्जित करना वर्तमान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। डॉ. शांडिल आज सोलन विधानसभा की ग्राम पंचायत घाट कुम्हाला में आयोजित एक कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे।
डॉ. शांडिल ने कहा कि ज़िला अस्पताल लोगों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इन संस्थानों के सुदृढ़ीकरण के दृष्टिगत क्षेत्रीय अस्पताल सोलन, बिलासपुर, कुल्लू, ऊना, ज़िला अस्पताल किन्नौर, डॉ. वाई.एस. परमार राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं नाहन अस्पताल, क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला तथा पालमपुर में 1.5 टेस्ला एम.आर.आई. मशीनें चरणबद्ध तरीके से स्थापित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी सरकारी चिकित्सा महाविद्यालयों में अत्याधुनिक 03 टेस्ला एम.आर.आई. मशीनें भी लगाई जा रही हैं, जिससे विशेषज्ञ जांच और उपचार की सुविधाएं और अधिक बेहतर होंगी।
उन्होंने कहा कि नैदानिक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए ज़िला अस्पताल नाहन और हमीरपुर, क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर, सोलन तथा धर्मशाला में डिजिटल मैमोग्राफी मशीनें भी लगाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि 42 हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीनों की खरीद प्रक्रिया जारी है, जिनमें से 14 मशीनें प्राप्त हो चुकी हैं। दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की जांच के लिए इन मशीनों का उपयोग किया जाएगा। इनका उपयोग छाती की जांच और टीबी की जल्द पहचान के लिए किया जाएगा, जिससे समय पर उपचार सुनिश्चित हो सकेगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा राज्य सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकताएं हैं तथा इन दोनों महत्त्वपूर्ण क्षेत्रों को सशक्त बनाने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा धन की कमी को आड़े नहीं आने दिया जाएगा।
डॉ. शांडिल ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के कुशल नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्र की आर्थिकी को मज़बूत करने के लिए विभिन्न सकारात्मक कदम उठाए गए है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती से उगाई जाने वाली हल्दी के न्यूनतम समर्थन मूल्य को 90 रुपए प्रति किलो से बढ़ाकर 150 रुपए प्रति किलो किया गया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश पूरे देश में न्यूनतम समर्थन मूल्य में इतनी बढ़ौतरी करने वाला पहला राज्य है। उन्होंने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पशुपालकों की आय में बढ़ौतरी के लिए गाय व भैंस के न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि की गई है। इसके अतिरिक्त पंजीकृत दुग्ध सहकारी संस्थाओं से जुड़े पशुपालकों के लिए दूध की खरीद पर प्रोत्साहन राशि 3 रुपए से बढ़ाकर 6 रुपए प्रति लीटर की गई है। उन्होंने कहा कि इन सभी निर्णयों से किसानों व पशुपालकों की आर्थिकी में आशातीत वृद्धि हो रही है।
स्वास्थ्य मंत्री ने इस अवसर पर जन समस्याएं सुनी तथा अधिकारियों को इनके शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत घाट कुम्हाला की प्रधान हेमा तंवर ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा क्षेत्र की समस्याओं से अवगत करवाया।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष कर्नल संजय शांडिल, पूनम शांडिल, खंड कांग्रेस समिति सोलन के अध्यक्ष मनीष ठाकुर, ग्राम पंचायत ममलीग के प्रधान भूमिनन्द, ग्राम पंचायत सायरी के प्रधान वीरेंद्र जसवाल, ग्राम पंचायत काहला के प्रधान राजेश ठाकुर, ग्राम पंचायत बशील की प्रधान किरण देवी, ग्राम पंचायत घाट कुम्हाला के उप प्रधान रणजीत कुमार, ग्राम पंचायत ममलीग के उप प्रधान हरि दत्त शर्मा, ग्राम पंचायत बशील के उप प्रधान राकेश शर्मा, बीडीसी सदस्य भगत राम और भागेश कुमार, पूर्व प्रधान द्रौपदी राठौर, खंड विकास अधिकारी कंडाघाट ओ.पी. शर्मा, उप तहसील ममलीग के तहसीलदार सुरेंद्र चंदेल सहित कई गणमान्य व्यक्ति तथा स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।
Breakng
- 19 व 20 जुलाई को विद्युत आपूर्ति बाधित
- सिरमौर में होगा मेगा जिला स्तरीय ‘‘नशा मुक्त युवा-विकसित भारत’’ कार्यक्रम का आयोजन, 24 जुलाई तक करना होगा पंजीकरण।
- सिरमौर में मुख्यमंत्री सहारा योजना के 270 लाभार्थियों को अप्रैल से जून तिमाही की सहायता राशि जारी
- राज्यपाल ने जेयूआईटी के 7वें दीक्षांत समारोह में मेधावियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए
- 21 व 22 जुलाई को सिरमौर जिला के लिए रेड अलर्ट जारी
- स्वास्थ्य संस्थानों को अत्याधुनिक चिकित्सा तकनीक से सुसज्जित करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता – डॉ. शांडिल
Saturday, July 18
