नाहन ( हिमाचल वार्ता न्यूज) (एसपी जैरथ):– भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की अध्यक्षता में भारतीय जनता पार्टी नाहन विधानसभा क्षेत्र की महत्वपूर्ण बैठक हिन्दू आश्रम, नाहन में आयोजित की गई। बैठक में नाहन विधानसभा क्षेत्र में लगातार बिगड़ती स्वास्थ्य सुविधाओं, सड़कों की बदहाल स्थिति और सरकारी संस्थानों को बंद किए जाने सहित जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में इन सभी विषयों को लेकर एक प्रस्ताव पारित किया गया, जिसे जिला प्रशासन के माध्यम से राज्यपाल, हिमाचल प्रदेश को भेजा गया।
डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में नाहन विधानसभा क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को भारी नुकसान पहुंचा है। नाहन में 500 बिस्तरों वाले आधुनिक अस्पताल का निर्माण किया जा रहा था, जिसके लिए केंद्र की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा ₹260 करोड़ उपलब्ध करवाए गए थे, लेकिन कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के बाद इस महत्वपूर्ण अस्पताल भवन का निर्माण कार्य रुक गया।
उन्होंने कहा कि यदि इस परियोजना को निर्धारित गति से पूरा किया गया होता तो आज नाहन की जनता को 500 बिस्तरों वाले आधुनिक अस्पताल की सुविधा मिल रही होती। इसके विपरीत वर्तमान स्थिति यह है कि पुराने और जर्जर भवन में अस्पताल चल रहा है तथा हालात यहां तक पहुंच गए हैं कि एक-एक बिस्तर पर तीन-तीन मरीजों को उपचार करवाने की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रस्तावित नए अस्पताल भवन में आधुनिक ऑपरेशन थिएटर, अत्याधुनिक इमरजेंसी, बच्चों की नर्सरी, कैंसर अस्पताल, माता-शिशु अस्पताल, एमआरआई मशीन, मरीजों के लिए कैंटीन और सात मंजिला पार्किंग जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं प्रस्तावित थीं।
