नाहन ( हिमाचल वार्ता न्यूज) (एसपी जैरथ):-हिमाचल प्रदेश की राजनीति में लोक जनशक्ति पार्टी ने एक बार फिर दस्तक दी है और इस बार इस दस्तक के केंद्र में नाहन विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के पूर्व विधायक रहे स्वर्गीय सदानंद चौहान के सुपुत्र नितिन चौहान उर्फ टिंकू हैं। रविवार को नितिन चौहान ने औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब से सैकड़ों गाड़ियों और हजारों समर्थकों के काफिले के साथ हिमाचल में अपनी राजनीतिक वापसी का ऐलान किया। कालाअंब से शुरू हुआ यह काफिला जैसे-जैसे नाहन की ओर बढ़ा, समर्थकों का उत्साह और भी बढ़ता गया और जिला मुख्यालय में हुए इस शक्ति प्रदर्शन ने प्रदेश की सियासत में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया ।नितिन चौहान को लोक जनशक्ति पार्टी ने हिमाचल प्रदेश का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। नाहन पहुंचने पर उन्होंने धार्मिक स्थलों पर शीश नवाकर अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत की। कच्चा टैंक स्थित जामा मस्जिद के समीप रुकने के बाद उन्होंने गुरुद्वारा साहिब दशमेश स्थान और काली स्थान मंदिर में माथा टेका। इसके बाद शाम करीब चार बजे नाहन किसान भवन में आयोजित जनसभा में उन्होंने समर्थकों को संबोधित किया। खास बात यह रही कि शहर में काफिले की भारी मौजूदगी के बावजूद आम लोगों को असुविधा न हो, इसके लिए समर्थकों ने स्वयं यातायात व्यवस्था संभाली।
राजनीतिक दृष्टि से नितिन चौहान की यह वापसी इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि उनके पिता स्वर्गीय सदानंद चौहान के नेतृत्व में लोक जनशक्ति पार्टी नाहन विधानसभा सीट के रास्ते हिमाचल विधानसभा तक पहुंच चुकी है।
