नाहन ( हिमाचल वार्ता न्यूज) (एसपी जैरथ):-नाहन विधानसभा क्षेत्र के कटासन माता मंडल में रविवार को सड़कों की बदहाल स्थिति और मूलभूत सुविधाओं को लेकर स्थानीय लोगों ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। सैकड़ों लोगों ने माजरा की सड़क पर उतरकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की। प्रदर्शन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला।
डॉ. बिंदल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के राजनीतिक इतिहास की सबसे निकम्मी सरकार मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में चल रही वर्तमान कांग्रेस सरकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगभग चार वर्षों के कार्यकाल में कांग्रेस के विधायकों, मंत्रियों, मुख्यमंत्री और उनके मित्रों ने जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय केवल अपने हित साधने और अपने लिए सुख-सुविधाएं जुटाने का काम किया है। भाई-भतीजावाद और मित्रवाद को बढ़ावा मिला, जबकि आम जनता को समस्याओं के बीच छोड़ दिया गया।
उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की सड़कों की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि यह तय करना मुश्किल है कि “सड़कों में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क।” बरसात के दौरान स्थिति और गंभीर हो गई है तथा अनेक क्षेत्रों में लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। डॉ. बिंदल ने कहा कि केंद्र की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा बनाए गए राष्ट्रीय राजमार्गों और फोरलेन परियोजनाओं की स्थिति बेहतर है, लेकिन प्रदेश सरकार के नियंत्रण वाली सड़कों की हालत लगातार बिगड़ती जा रही है। कई सड़कों पर वाहन चलाना तो दूर, पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
