नाहन ( हिमाचल वार्ता न्यूज):-नाहन-पांवटा साहिब राष्ट्रीय राजमार्ग पर आज सुबह करीब 8 बजे एक दर्दनाक हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार से आ रहा एक अनियंत्रित ट्रक अचानक सड़क किनारे स्थित एक दुकान में जा घुसा। हादसे के वक्त दुकान बंद थी, जिसके चलते एक बड़ा हादसा टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई।
स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना का शिकार बना यह मोड़ बेहद खतरनाक और दुर्घटना संभावित क्षेत्र माना जाता है। तेज रफ्तार और तीखे मोड़ के कारण चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रक सीधे दुकान के शटर को तोड़ते हुए भीतर जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुकान का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और भारी नुकसान पहुंच गया। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि ट्रक अनियंत्रित हुआ और सीधे दुकान की तरफ जा टकराया। स्थानीय निवासियों और दुकानदारों में इस खतरनाक मोड़ को लेकर गहरा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि इस स्थान पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं। स्थानीय जनता ने मांग की है कि इस मोड़ पर तुरंत स्पीड ब्रेकर, चेतावनी बोर्ड और क्रैश बैरियर लगाए जाएं, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके। दुर्घटना के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
