बिलासपुर ( हिमाचल वार्ता न्यूज) महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में आज घुमारवीं में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह अभियान का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय पोषण माह 9 सितंबर से 8 अक्तूबर तक मनाया जा रहा है। अभियान के दौरान बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा परिवारों को संतुलित एवं पोषणयुक्त आहार के महत्व के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ स्वस्थ खान-पान की आदतें विकसित करने पर विशेष बल दिया जाएगा। कार्यक्रम में उपमंडलाधिकारी घुमारवीं अभिषेक बरवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने कहा कि पोषण का अर्थ केवल भरपेट भोजन करना नहीं है, बल्कि भोजन में शरीर की आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त प्रोटीन, विटामिन, खनिज एवं अन्य आवश्यक पोषक तत्वों का होना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि बच्चों को केवल आहार नहीं, बल्कि पोषक आहार उपलब्ध करवाना आवश्यक है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि बच्चों के संतुलित एवं पौष्टिक आहार पर विशेष ध्यान दें तथा प्रदेश और देश को कुपोषण मुक्त बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें। इस वर्ष राष्ट्रीय पोषण माह का मुख्य विषय “हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” रखा गया है। पोषण माह के दौरान पोषण संबंधी जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ आंगनवाड़ी केंद्रों की भूमिका को सुदृढ़ करने और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान पोषण विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन, आंगनवाड़ी केंद्रों में ताजा एवं गर्म पका हुआ भोजन, सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही, बच्चों के समग्र विकास के लिए पोषण एवं प्रारंभिक बाल्यावस्था प्रोत्साहन तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के माध्यम से मातृ स्वास्थ्य के लिए उपलब्ध वित्तीय सहायता जैसे विषयों पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
अभियान के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं संबंधित विभागों द्वारा समुदाय को संतुलित एवं विविधतापूर्ण आहार के महत्व के बारे में जागरूक किया जाएगा। बच्चों के आहार में हरी एवं मौसमी सब्जियां, दालें, फल, अनाज तथा पर्याप्त प्रोटीन शामिल करने के साथ-साथ उनकी आयु के अनुरूप पोषण एवं प्रारंभिक बाल विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों को ताजा एवं गर्म पका हुआ पौष्टिक भोजन उपलब्ध करवाने की व्यवस्था को प्रभावी बनाने तथा भोजन की गुणवत्ता एवं निर्धारित पोषण मानकों की निगरानी सुनिश्चित करने पर भी विशेष बल दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, पोषण संबंधी गतिविधियों में स्थानीय समुदाय, अभिभावकों एवं जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही को बढ़ावा दिया जाएगा। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, नरेंद्र कुमार, बाल विकास परियोजना अधिकारी रंजना शर्मा, नगर परिषद घुमारवीं के अध्यक्ष अमित कुमार, उपाध्यक्ष सविता कुमारी सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
