नाहन ( हिमाचल वार्ता न्यूज) (एसपी जैरथ):-हिमाचल प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में तड़के प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार ईडी की टीम ने कालाअंब स्थित समय फार्मा उद्योग में दबिश देकर जांच शुरू की। अधिकारी सुबह से ही उद्योग परिसर में मौजूद हैं और विभिन्न दस्तावेजों तथा रिकॉर्ड को खंगालने में जुटे हुए हैं। बताया जा रहा है कि प्रवर्तन निदेशालय की यह कार्रवाई सुनियोजित तरीके से की गई और टीम ने तड़के उद्योग परिसर में पहुंचकर जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों द्वारा वित्तीय लेन-देन, कंपनी से संबंधित दस्तावेज, खातों और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड की जांच किए जाने की जानकारी सामने आई है। सूत्रों के अनुसार ईडी की जांच का दायरा हिमाचल तक सीमित नहीं है। देश की राजधानी दिल्ली स्थित कंपनी के मुख्य कार्यालय समेत हिमाचल प्रदेश में कंपनी से जुड़े ठिकानों पर भी जांच किए जाने की बात सामने आ रही है। हालांकि, आधिकारिक तौर पर अभी तक कार्रवाई के पूरे कारणों और जांच के निष्कर्षों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं, इस कार्रवाई को कथित टैक्स चोरी और हवाला से जुड़े मामलों से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। ईडी की जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि एजेंसी किन वित्तीय अनियमितताओं या लेन-देन की जांच कर रही है।
ईडी की कार्रवाई की खबर फैलते ही सिरमौर के अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में भी हड़कंप मच गया। कालाअंब में बड़ी संख्या में दवा और अन्य औद्योगिक इकाइयां संचालित हैं। ऐसे में केंद्रीय जांच एजेंसी की इस कार्रवाई को उद्योग जगत में गंभीरता से देखा जा रहा है।
