नाहन ( हिमाचल वार्ता न्यूज) (एसपी जैरथ):-हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में नाहन के पीजी कॉलेज में शब्द उत्सव का आयोजन किया गया। कॉलेज के हिंदी विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में प्रख्यात साहित्यकार गणेश गनी ने विशेष तौर पर शिरकत की। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉक्टर विभव कुमार शुक्ला ने की। कार्यक्रम के दौरान हिंदी भाषा के विकास, महत्व और बदलते दौर में इसकी भूमिका को लेकर साहित्यकारों और विद्यार्थियों के बीच संवाद हुआ।
मीडिया से बात करते हुए साहित्यकार गणेश गनी ने कहा कि हिंदी को केवल हिंदी दिवस तक सीमित रखने के बजाय हर दिन हिंदी उत्सव मनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के दौर में हिंदी भाषा का विस्तार लगातार हो रहा है। उन्होंने माना कि आज के युग में हिंदी भाषा के अलावा अन्य भाषाओं को सीखना भी जरूरी है, लेकिन दूसरी भाषाओं को सीखने के लिए हिंदी का बलिदान नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज की इस कार्यक्रम में कॉलेज के छात्र-छात्राओं द्वारा हिंदी भाषा के संरक्षण को लेकर जो व्याख्यान प्रस्तुत किए गए वह निश्चित तौर पर सराहनीय है। वहीं, कॉलेज के प्राचार्य डॉ. विभव कुमार शुक्ला ने शब्द उत्सव के आयोजन के लिए हिंदी विभाग के प्रमुख डॉ जय चंद को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार और विद्यार्थियों में हिंदी के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
