नाहन ( हिमाचल वार्ता न्यूज) (एसपी जैरथ):- भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विक्रम वर्मा ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए शहर में लगातार लग रहे बिजली कटों को लेकर नाराजगी जताई है। विक्रम वर्मा नाहन में आज मीडिया से बात कर रहे थे। नाहन शहर में बिजली के अघोषित कटों ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विक्रम वर्मा ने आरोप लगाया है कि शहर में दिनभर में कई बार बिजली गुल हो रही है और कुल मिलाकर करीब 2 से 3 घंटे तक बिजली के कट लग रहे हैं।
उनका कहना है कि लगातार बिजली कटों के चलते आम उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विक्रम वर्मा ने घरों में स्मार्ट मीटर लगाए जाने को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद कई उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में दो गुना तक बढ़ोतरी हुई है, जबकि बिजली आपूर्ति की व्यवस्था में कोई सुधार देखने को नहीं मिल रहा।
उन्होंने कहा कि कई लोगों के बिजली के बिल हजारों रुपये में आ रहे हैं, जिससे आम परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। भाजपा नेता ने बिजली विभाग और प्रशासन से समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की है। विक्रम वर्मा ने चेतावनी दी कि यदि बिजली कट और बढ़े हुए बिजली बिलों की समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो जनता को सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
