नाहन ( हिमाचल वार्ता न्यूज):-सिरमौर में बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजगढ़ में शिक्षकों के लिए ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ विषय पर एक दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन बाल विकास परियोजना कार्यालय राजगढ़ की ओर से किया गया, जिसमें शिक्षा खंड राजगढ़ के करीब 55 अध्यापकों ने भाग लिया।तकार्यशाला में बालिकाओं के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं, उनके अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों की जानकारी दी गई। बाल विकास परियोजना अधिकारी सुरेंद्र चौहान और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सतेंद्र जीत कौर ने शिक्षकों को अभियान से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं से अवगत करवाया। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा, डिजिटल शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के अवसरों पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेटियों की शिक्षा जारी रखने के लिए परिवार और समाज की सोच में सकारात्मक बदलाव जरूरी है। शिक्षकों से आह्वान किया गया कि वे छात्राओं को पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित करें, स्कूल छोड़ने की प्रवृत्ति को रोकने में सहयोग दें और पात्र छात्राओं को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में मदद करें।
बाल विकास परियोजना अधिकारी सुरेंद्र चौहान ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल बेटियों को स्कूल तक पहुंचाना नहीं, बल्कि उन्हें सुरक्षित, शिक्षित, आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। इसके लिए परिवार, विद्यालय, समुदाय और प्रशासन को मिलकर प्रयास करने होंगे। कार्यशाला में बाल विवाह, लैंगिक भेदभाव और बालिकाओं की शिक्षा में आने वाली सामाजिक चुनौतियों पर भी चर्चा की गई।
