नाहन ( हिमाचल वार्ता न्यूज):-जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सिरमौर द्वारा आज डॉ. वाई.एस. परमार राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नाहन में बाल अधिकारों एवं संरक्षण पर विशेष विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम में अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश, एफ.टी.एस.सी. सिरमौर सुभाष चन्द्र भसीन, तथा सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश) नव कमल ने बतौर कानून विशेषज्ञ छात्रों को संबोधित किया। सुभाष चन्द्र भसीन ने विद्यार्थियों को पाॅक्सो अधिनियम, 2012 के प्रावधानों के बारे में जागरूक किया तथा बच्चों की सुरक्षा से संबंधित कानूनी उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस विशेष जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को बाल अधिकारों के प्रति संवेदनशील बनाना, विधिक साक्षरता और उन्हें कानूनी संरक्षण एवं कल्याणकारी योजनाओं से अवगत करवाना है।
सचिव नव कमल ने विद्यार्थियों को विधिक सहायता सेवाओं तथा नालसा के अंतर्गत संचालित कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूक किया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार ये योजनाएं समाज के कमजोर वर्गों को न्याय और सहायता प्रदान करने में सहायक है। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया।
