नाहन ( हिमाचल वार्ता न्यूज) (एसपी जैरथ):-हिमाचल कबड्डी लीग के संदर्भ में चूड़ेश्वर लीजेंड्स की एक महत्वपूर्ण बैठक आज हिमाचल होम स्टे, पोंटा साहिब में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष संदीप ठाकुर ने की। इसमें कमेटी के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य विशेष रूप से मौजूद रहे।
बैठक में आगामी हिमाचल कबड्डी लीग सीजन की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा हुई। टीम चयन प्रक्रिया, प्रशिक्षण कार्यक्रम, फिटनेस प्लान, रणनीति तथा युवा खिलाड़ियों को अवसर देने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर निर्णय लिए गए। बैठक में हिमाचल की प्रतिभा को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
चूड़ेश्वर लीजेंड्स के महासचिव विक्रम सिंगटा ने कहा कि हमारी ऑर्गनाइजेशन हिमाचल प्रदेश में खेल के विकास और युवाओं को मंच प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि लीग के पहले सीजन की फ्रेंचाइजी लगभग पूरी हो चुकी है। किसी भी लीग को सफल बनाने में टीम मालिकों का विशेष योगदान रहता है। इसलिए बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि प्रत्येक टीम की ब्रांडिंग कमेटी द्वारा इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं प्रिंट मीडिया के माध्यम से जल्द ही शुरू की जाएगी। बैठक में सभी सदस्यों ने पूर्ण सहयोग और कड़ी मेहनत का आश्वासन दिया। टीम के प्रतिनिधियों ने बताया कि लीग को शानदार बनाने के लिए विस्तृत शेड्यूल तैयार किया जा रहा है। सबसे पहले टीम मालिकों के साथ विशेष बैठक बहुत जल्द बुलाई जाएगी, जिसमें लीग एवं ऑक्शन से संबंधित सभी बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा कर अमल किया जाएगा।
