पांवटा साहिब ( हिमाचल वार्ता न्यूज)(एसपी जैरथ):-पांवटा साहिब में हिमाचल-उत्तराखंड सीमा पर रविवार रात एक व्यक्ति ने यमुना नदी के पुल से छलांग लगा दी। व्यक्ति के नदी में छलांग लगाने की पूरी घटना गोविंद घाट पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। घटना के बाद से व्यक्ति का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। सूचना मिलते ही पांवटा साहिब पुलिस मौके पर पहुंची और यमुना नदी में तलाशी अभियान शुरू करवाया। नदी के तेज बहाव और बढ़े हुए जलस्तर के बीच गोताखोरों की टीम लगातार व्यक्ति की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार नदी में छलांग लगाने वाला व्यक्ति पांवटा साहिब निवासी 54 वर्षीय नितिन गुप्ता बताया जा रहा है। परिजनों और स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के मुताबिक वह पिछले कुछ समय से परेशान चल रहे थे।
हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की अभी पुलिस स्तर पर पुष्टि नहीं हुई है।पुलिस टीम व्यक्ति की पहचान और घटना से जुड़ी अन्य परिस्थितियों की भी जांच कर रही है। गोताखोर यमुना नदी के संभावित स्थानों पर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं, लेकिन फिलहाल लापता व्यक्ति का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। बरसात के बाद यमुना नदी में अभी भी पानी का बहाव तेज है और जलस्तर सामान्य स्थिति में नहीं आया है। ऐसे में उफनती नदी में तलाश अभियान चलाना भी चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। पुलिस और बचाव दल की कार्रवाई लगातार जारी है।
