पांवटा साहिब ( हिमाचल वार्ता न्यूज) (एसपी जैरथ):-भारतीय जनता पार्टी मंडल पांवटा साहिब की ओर से सोमवार को स्थानीय एमसी रामलीला मैदान में जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर मौजूद रहे। उनके साथ शिमला लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप, पांवटा साहिब के विधायक सुखराम चौधरी, पच्छाद की विधायक रीना कश्यप और पूर्व विधायक बलदेव तोमर सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मंच पर मौजूद रहे
मुख्य समारोह से पहले भारतीय जनता युवा मोर्चा पांवटा साहिब की ओर से बाइक रैली निकाली गई। बातापुल पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने जयराम ठाकुर का नारों और फूल-मालाओं के साथ स्वागत किया। इसके बाद बाइक रैली की अगुवाई में जयराम ठाकुर को रामलीला मैदान तक लाया गया। कार्यक्रम को लेकर भाजयुमो की ओर से पहले ही बाइक रैली और स्वागत की तैयारियां की गई थीं।
रामलीला मैदान में आयोजित समारोह के दौरान जयराम ठाकुर ने पार्टी से जुड़े जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया। वक्ताओं ने संगठन को मजबूत करने में कार्यकर्ताओं की भूमिका और स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधियों के योगदान को महत्वपूर्ण बताया।
इस दौरान संगठन की मजबूती,कार्यकर्ताओं की सक्रियता और क्षेत्रीय स्तर पर पार्टी गतिविधियों को लेकर भी चर्चा हुई।
