सोलन ( हिमाचल वार्ता न्यूज) अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को प्राथमिकता प्रदान कर रही है। संजय अवस्थी आज अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बलेरा के राजकीय प्राथमिक पाठशाला चडेरा में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान ‘आम का पौधा’ रोपित करने के उपरांत उपस्थित जनमसूह को सम्बोधित कर रहे थे।
संजय अवस्थी ने तदोपरांत 1.50 करोड़ रुपए से निर्मित होने वाली उठाऊ सिंचाई योजना चडेरा तथा ग्राम पंचायत बडोग में 11.5 करोड़ रुपए से निर्मित होने वाले साई-जोहाड़ी-खुन्ड-चम्यासी से समलेच संपर्क मार्ग की आधारशिला रखी।
विधायक ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण में वृक्षों की भूमिका से हम सभी परिचित हैं। पौधरोपण के माध्यम से ही वन भूमि का दायरा बढ़ाकर भू एवं भू-जल का संरक्षण किया जा सकता है और पर्यावरण को सुरक्षित रखा जा सकता है। उन्होंने इस अवसर पर स्थानीय लोगों को अधिक से अधिक पौधे रोपित करने के लिए प्रेरित किया।
संजय अवस्थी ने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हर सम्भव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि गांव को आत्मनिर्भर बनाए बिना प्रदेश का चहुंमुखी विकास नहीं किया जा सकता। इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए सरकार ग्रामीण आर्थिकी पर ध्यान दे रही है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रदेश सरकार ने विभिन्न योजनाएं आरम्भ की हैं। गाय व भैंस के दूध का न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाना तथा प्राकृतिक खेती से उगाए गए उत्पादों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में आशातीत वृद्धि इसी दिशा में सकारात्मक पहल हैं।
उन्होंने कहा कि सड़कें गांव के विकास की जीवन रेखा होती है। सम्पर्क मार्ग सुदृढ़ होने से जहां ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन बेहतर होगा वहीं लोगों की विभिन्न सुविधाओं तक पहुंच भी बढे़गी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गांव-गांव तक बेहतर सड़कों का निर्माण करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।
संजय अवस्थी ने गांव चडेरा के मोक्षधाम तक रास्ते के निर्माण के लिए 02 लाख रुपए, राजकीय प्राथमिक विद्यालय चडेरा के भवन की मुरम्मत के लिए 01 लाख रुपए, ग्राम पंचयात बलेरा के लिए 10 सोलर लाईट, 06 पंजीकृत स्वयं सहायता समूहों को 11-11 हजार रुपए तथा एक पंजीकृत युवक मण्डल को 21 हजार रुपए देने की घोषणा की।
उन्होंने क्षेत्र में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान स्थापित करने के लिए उच्च स्तर पर मामला उठाने का आश्वासन दिया।
विधायक ने खटेटा गांव के मोक्षधाम में शेड के निर्माण के लिए 1.50 लाख रुपए, गांव समलेच के मोक्षधाम में शेड निर्माण के लिए 1.50 लाख रुपए तथा महिला मण्डल साईं, जोहड़ी व चम्यासी को सामान क्रय करने के लिए 21-21 हजार रुपए देने की घोषणा की।
संजय अवस्थी ने इस अवसर पर ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं तथा अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
ज़िला परिषद सदस्य सतीश कुमार, पंचायत समिति सदस्य कमलेश शर्मा, ग्राम पंचायत बलेरा की प्रधान बिना देवी, ग्राम पंचायत बड़ोग के प्रधान इंद्र लाल, ग्राम पंचायत भूमती की प्रधान शकुंतला ठाकुर, ग्राम पंचायत जमरोटी की प्रधान रमा बंसल, ग्राम पंचायत शहरोल की प्रधान नर्वदा, ग्राम पंचायत जयनगर पट्टा के प्रधान राजेश महाजन, ग्राम पंचायत चडेरा के उप-प्रधान मस्तराम महाजन, ग्राम पंचायत बसन्तपुर के उप-प्रधान धनीराम ठाकुर, कांग्रेस पार्टी से रमेश ठाकुर, कपिल ठाकुर, उपमंडलाधिकारी अर्की निशांत तोमर, जल शक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता संजीव सोनी, राज्य विद्युत बोर्ड के अधीशाषी अभियन्ता संदीप कुमार, लोक निर्माण विभाग अर्की के अधिशासी अभियंता कृष्ण कांत चौहान, किसान विकास समिति चडेरा के प्रधान हरिकिशन कश्यप, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं स्थानीय निवासी इस अवसर पर उपस्थित थे।
Breakng
- जल जीवन मिशन के तहत ज़िला जल एवं स्वच्छता मिशन के सम्बन्ध में समीक्षा बैठक आयोजित
- जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति की 28वीं बैठक आयोजित
- प्रदेश सरकार हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध – संजय अवस्थी
- ई.वी.एम. व वी.वी.पैट. के भण्डारण कक्ष का निरीक्षण
- एसआइआर के विरोध में नाहन में कांग्रेस का प्रदर्शन, डीसी दफ्तर के बाहर फूंका पुतला
- जूडो मार्शल आर्ट खेल नहीं अपितु एक अनुशासन – अनिरुद्ध सिंह
Tuesday, September 29
