नाहन ( हिमाचल वार्ता न्यूज) (एसपी जैरथ):-प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं नाहन के पूर्व विधायक डॉ. राजीव बिंदल ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार और स्थानीय विधायक पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने नाहन की जनता को गड्ढों और बदहाल सड़कों के हवाले कर दिया है।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में नाहन विधानसभा क्षेत्र में 60 पुलों का निर्माण करवाया गया था, लेकिन पिछले चार वर्षों में कांग्रेस सरकार एक भी पुल बनवा पाई हो तो जनता को बताए।
नाहन में आज आयोजित प्रेस वार्ता में डॉ. बिंदल ने कहा कि पिछले चार वर्षों में क्षेत्र की जनता की जो दुर्गति हुई है, वह चिंता का विषय है। प्रदेशभर में सड़कों की बदहाली को लेकर भाजपा लगातार धरना-प्रदर्शन कर रही है। प्रदेश स्तर से लेकर जिला और नाहन तक आवाज उठाई जा रही है, लेकिन कांग्रेस सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधि जनता की समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर नहीं हैं। डॉ. बिंदल ने त्रिलोकपुर स्थित माता बाला सुंदरी मंदिर की सड़क की बदहाली पर सरकार को घेरते हुए कहा कि नवरात्र शुरू हो चुके हैं और लाखों श्रद्धालु शक्तिपीठ में शीश नवाने पहुंच रहे हैं, लेकिन सड़क की हालत ऐसी है कि गड्ढों में सड़क ढूंढनी पड़ रही है। भाजपा ने इस समस्या को लेकर त्रिलोकपुर में सांकेतिक प्रदर्शन भी किया था, इसके बावजूद सड़क की हालत में सुधार नहीं हुआ। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकार को नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही की जानकारी है, तो सड़क को समय रहते ठीक क्यों नहीं करवाया गया।
