नाहन,( हिमाचल वार्ता न्यूज) रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री विनय कुमार ने आज सरकार गाँव के द्वार कार्यक्रम की अध्यक्षता की। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा शिविर आयोजित कर लोगों को सरकारी सेवाएं उपलब्ध करवाई गई तथा उनकी समस्याओं एवं मांगों को सुना गया।
जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक श्री विनय कुमार ने कहा कि सरकार गाँव के द्वार कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सरकार और जनता के बीच की दूरी को कम करना तथा जनसमस्याओं का समाधान लोगों के घर-द्वार पर सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है और यह सुनिश्चित करने के लिए प्रयासरत है कि लोगों को अपनी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत तभी है, जब आम नागरिक की आवाज सुनी जाए और उसकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से आग्रह किया कि स्थानीय लोगों द्वारा उठाई गई समस्याओं एवं मांगों को गंभीरता से लेते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ पहुंचाना तथा जनसमस्याओं का जमीनी स्तर पर प्रभावी निवारण सुनिश्चित करना है।
श्री विनय कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा जनता की समस्याओं का समाधान करना प्राथमिकता है। प्रदेश सरकार का प्रयास है कि सरकार आमजन के और अधिक करीब आए तथा प्रत्येक व्यक्ति को सुशासन का वास्तविक अनुभव हो। उन्होंने कहा कि सरकार गाँव के द्वार कार्यक्रम जनहित में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से प्रशासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत करने के साथ-साथ लोगों को सरकारी सेवाएं उनके निकट उपलब्ध करवाई जा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता, तत्परता और जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा आयोजित शिविरों में राजस्व विभाग ने 7 इंतकाल किए तथा राजस्व अभिलेखों में एक दुरुस्ती की। इसके अतिरिक्त, विभिन्न प्रकार के 23 प्रमाण-पत्र जारी किए गए तथा आधार संबंधी 22 दुरुस्तियां की गई।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित शिविर में लोगों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई। शिविर के दौरान कुल 55 निःशुल्क जांचें की गई तथा 32 एक्स-रे किए गए, जिससे स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिला।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं आवश्यकताओं से संबंधित मांगें और शिकायतें प्रस्तुत की। इस अवसर पर कुल 120 जन शिकायतें एवं मांगें प्राप्त हुई, जिनमें 92 मांगें शामिल थी। विधायक ने अधिकारियों से इन समस्याओं एवं मांगों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगू राम मुसाफिर ने इस अवसर पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम में उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा, पुलिस अधीक्षक सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी, डीएसपी राजगढ़ विद्या नेगी, जिला पंचायत अधिकारी विक्रम ठाकुर, विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायती राज संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।
Breakng
- रेणुकाजी के विधायक विनय कुमार ने की कार्यक्रम की अध्यक्षता, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर दिया जोर
- महिला आर्थिकी के साथ क्षेत्र के विकास को नई दिशा प्रदान करेंगी टमाटर प्रसंस्करण इकाइयां – डॉ. शांडिल
- नई तकनीक की जानकारी एवं कौशल उन्नयन बेहतर रोज़गार एवं स्वरोज़गार के लिए आवश्यक – डॉ. शांडिल
- पांवटा साहिब एलआईसी में 100 पदों के लिए 17 अक्तूबर को होगा कैंपस इंटरव्यू
- त्रिलोकपुर में 16 हजार दीपों से सजेगी शिव-गौरा महाआरती, अष्टमी और चौदस पर होगा आयोजन
- चलती बस की खिड़की से सिर बाहर निकालना पड़ा भारी, 12वीं के छात्र की मौत
Thursday, October 15
