नाहन (हिमाचलवार्ता)। चूड़धार यात्रा पर प्रशासनिक रोक के बावजूद भी लोग चूड़धार की यात्रा कर रहे हैं। इसी के चलते माइनस डिग्री तापमान व बर्फ के बीच दिन भर कई घंटे तक राजस्थान का रहने वाला एक युवक अकेला चूड़धार के जंगल में भटकता रहा। जानकारी के अनुसार रविवार को चूड़धार के लिए चंडीगढ़ से आए चार युवक राहुल, अंकित पवन और अनिल निकलेे थे!
दोपहर बाद इनका साथी राजस्थान निवासी अंकित कुमार रास्ता भटक गया। जिसके बाद तीनों युवको ने 112 हेल्पलाइन नौहराधार चौकी पर फोन कर मदद मांगी। नौहराधार चौकी प्रभारी चेतन चौहान ने अंकित से संपर्क किया। शाम करीब चार बजे पुलिस व मंदिर में मौजूद पुजारी की मदद से युवक शिवलिंग की चोटी पर मिल गया। फिर युवक को पुलिस व पुजारी ने सुरक्षित मंदिर जाने का सही रास्ता बताकर मंदिर पहुंचाया।
बता दें कि यह जंगल इतना गहरा है कि इसमें सही रास्ता पकड़ना काफी मुश्किल है। 15 अप्रैल तक चूड़धार यात्रा पर प्रतिबंध रहता है। प्रशासन द्वारा बार-बार लोगों से आग्रह करने के बावजूद भी लोग चूड़धार यात्रा पर जा रहे हैं।