नाहन 14 जून (हिमाचल वार्ता न्यूज):- नाहन-कुम्हारहट्टी-907ए नेशनल हाईवे आईटीआई के समीप एक बड़ा हादसा होते होते टल गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक संख्या (पीबी 22 के 9459) रोहडू से काला अंब की ओर जा रहा था। यह ट्रक दिल्ली से सेब के खाली बॉक्स रोहडू में खाली कर वापस लौट रहा था। ट्रक जैसे ही आज मंगलवार 3:20 के आस-पास आईटीआई की चढ़ाई चढ रहा था तभी उसका ब्रेक प्रेशर पाइप फट गया।
जिसके चलते ट्रक ने ब्रेक छोड़ दिए और वह पीछे की तरफ तेज गति पकड़ गया। चालक ने अपनी सूझबूझ का परिचय देते हुए पीछे आ रहे वाहनों को बचाकर ट्रक को पहाड़ी से टकरा दिया। इस हादसे में ट्रक चालक को हल्की-फुल्की चोटें आई हैं मगर कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ। इस हादसे के बाद कुछ देर के लिए ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हुई।
मगर कुछ ही मिनटों में ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंच गई। ट्रैफिक पुलिस ने ना केवल ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू किया बल्कि मानवता का फर्ज निभाते हुए परेशान चालक के लिए मैकेनिक भी उपलब्ध करवाया। मैकेनिक के पहुंचते ही ट्रक को ठीक कर पहाड़ी से हटा लिया गया।