नाहन 12 जुलाई (हिमाचल वार्ता न्यूज):-विधानसभा चुनाव से पहले अगर गिरिपार क्षेत्र को जनजातीय क्षेत्र घोषित नहीं करवा पाया तो लोगों के बीच वोट मांगने नहीं आऊंगा। यह बात कमरऊ में आयोजित हाटी खुमली को संबोधित करते हुए खाद्य आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर ने कही।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हाटी मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए केंद्र सरकार के समक्ष प्रमुखता से रखा है। बलदेव तोमर ने कहा की हम वोट की राजनीति नहीं करते और अपने वचन पर पक्के उतरते हैं।
उन्होंने कहा की कुछ लोग पर्दे के पीछे से एक समुदाय के लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं , जबकि गिरिपार क्षेत्र जनजातीय घोषित होने से हर वर्ग के लोगों को लाभ मिलेगा।
बलदेव तोमर ने कहा कि केंद्रीय हाटी समिति का प्रतिनिधिमंडल शिमला में मुख्यमंत्री से मिला था जिसके बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हाटी के पक्ष में रिपोर्ट तैयार कर केंद्र सरकार को भेजी तथा मुख्यमंत्री ने खुद गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात कर हाटी मुद्दे को उनके समक्ष रखा साथ ही आरजीआई के अधिकारियों से भी मुलाकात कर रिपोर्ट को पक्ष में तैयार करवाई।
25 अप्रैल को गृहमंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व हाटी प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया की जल्द ही गिरिपार क्षेत्र को जनजातीय क्षेत्र घोषित किया जायेगा। बलदेव तोमर ने कहा कि जल्द ही गिरिपार क्षेत्र में गृहमंत्री अमित शाह का धन्यवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
