Close Menu
    Facebook X (Twitter) Instagram
    Breakng
    • कसौली विधानसभा क्षेत्र में लगभग 225 करोड़ रुपए की सिंचाई व पेयजल योजनाएं का कार्य प्रगति पर – मुकेश अग्निहोत्री
    • युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए समाज का एकजुट होकर कार्य करना आवश्यक – अजय यादव
    • चार दिन के लिए नाहन में सजा आभूषणों का भव्य संसार
    • सिरमौर जिला में पूरा हुआ गेहूं खरीद का कार्य, किसानों से खरीदा गया 19777 क्विंटल गेहूँ
    • हमारी संस्कृति ही हमारी वास्तविक धरोहर – संजय अवस्थी
    • सरकारी ई-बाज़ार और ऑनलाइन व्यापार पर केंद्रित कार्यशाला आयोजित
    Facebook X (Twitter) Instagram
    Himachal Varta
    • होम पेज
    • हिमाचल प्रदेश
      • शिमला
      • सिरमौर
      • ऊना
      • चंबा
      • लाहौल स्पीति
      • बिलासपुर
      • मंडी
      • सोलन
      • कुल्लू
      • हमीरपुर
      • किन्नोर
      • कांगड़ा
    • खेल
    • स्वास्थ्य
    • चण्डीगढ़
    • क्राइम
    • दुर्घटनाएं
    • पंजाब
    • आस्था
    • देश
    • हरियाणा
    • राजनैतिक
    Wednesday, June 17
    Himachal Varta
    Home»हिमाचल प्रदेश»प्रदेश में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 71वां गणतंत्र दिवस
    हिमाचल प्रदेश

    प्रदेश में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 71वां गणतंत्र दिवस

    By Himachal VartaJanuary 26, 2020
    Facebook WhatsApp
    शिमला। 71वां गणतंत्र दिवस आज पूरे प्रदेश में हर्षो-उल्लास व उत्साह के साथ मनाया गया। राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने ऐतिहासिक रिज मैदान शिमला पर आयोजित राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और आकर्षक परेड की सलामी ली।
    मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
    परेड का नेतृत्व 2-नागा रेजिमेंट के कैप्टन निखिल कुमार ने किया। इस अवसर पर नागा रेजिमेंट, भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस, उत्तराखंड पुलिस, सेना पाईप बैंड, हिमाचल प्रदेश सशस्त्र पुलिस, शिमला जिला पुलिस, शिमला यातायात पुलिस, हिमाचल प्रदेश गृह रक्षक, हिमाचल प्रदेश अग्निशमन सेवा दल, पूर्व सैनिक, एन.सी.सी, एन.एस.एस. हिमाचल प्रदेश गृह रक्षक बैंड, भारत स्काउट एण्ड गाईड, हिमाचल प्रदेश आपदा प्रबंधन, हिमाचल प्रदेश डाक सेवा, श्वान दस्ता सी.आई.डी. शिमला और हिमाचल प्रदेश पुलिस बैंड की टुकड़ियों द्वारा मार्च पास्ट प्रस्तुत किया गया।
    इस दौरान प्रदेश के विभिन्न ज़िलों के सांस्कृतिक दलों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान राज्य सरकार के विभिन्न विभागों द्वारा विकासात्मक गतिविधियों को प्रदर्शित करती झांकियां भी प्रस्तुत की गईं।
    इस अवसर पर मुख्य सचेतक नरेन्द्र बरागटा, विधायक बलवीर वर्मा, विनोद कुमार और विक्रमादित्य सिंह, महापौर नगर निगम शिमला सत्या कौंडल, मुख्य सचिव अनिल कुमार खाची, पुलिस महानिदेशक एसआर मरड़ी, सेना, पुलिस व राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित थे।
    गणतन्त्र दिवस के अवसर पर जिला और उपमंडल स्तर पर भी समारोह आयोजित किए। इस अवसर पर ध्वजारोहण, मार्च पास्ट और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
    बिलासपुर जिला
    सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री महेन्द्र सिंह ठाकुर ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बिलासपुर (छात्र) के प्रांगण में आयोजित जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की अध्यक्षता की। उन्होंने ध्वजारोहण कर भव्य मार्च पास्ट की सलामी ली।
    इस अवसर पर अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि यह दिन उन वीर शहीदों को याद करने का विशेष दिन है, जिन्होंने देश की आजादी और रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहूतियां दी हैं। उन्होंने कहा कि जिला बिलासपुर की वीर धरती केे 64 भूतपूर्व सैनिकों/सेवारत सैनिकों तथा अधिकारियों को वीरता पुरस्कार मिले हैं, जो गर्व का विषय है।
    उन्होंने कहा कि गत दो वर्षों में 1,172 बस्तियों को पेयजल सुविधा तथा 5130 घरों को पेयजल कनेक्शन प्रदान किए गए हैं। हर खेत को पानी उपलब्ध करवाने के लिए प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत 333.18 करोड़ रुपये की 111 लघु सिंचाई योजनाएं स्वीकृत की गई हैं।
    राज्य में बागवानी के चहुंमुखी विकास के लिए पुष्प क्रांति योजना, मुख्यमंत्री हरित गृह नवीनीकरण योजना, ओला अवरोधक नेट की स्थापना, खुम्ब विकास तथा मुख्यमंत्री मधु विकास जैसी नई योजनाएं आरंभ की गई हैं।
    चम्बा जिला
    शहरी विकास मंत्री सरवीन  चौधरी ने जिला चम्बा के ऐतिहासिक चैगान मैदान में आयोजित जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की अध्यक्षता की। उन्होंने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली।
    इस अवसर पर अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने गत दो वर्ष के दौरान विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। प्रदेश ने देश के पहाड़ी राज्यों को विकास की नई दिशा दिखाई है। सामाजिक, आर्थिक तथा औद्योगिक विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
    राज्य सरकार द्वारा युद्ध विधवाओं की बेटी की शादी के लिए आर्थिक सहायता राशि 15 हजार रुपये से बढ़ाकर 50 हजार रुपये की गई है। भूतपूर्व सैनिकों एवं उनकी विधवाओं की वृद्धावस्था आर्थिक सहायता 500 रुपये से बढ़ाकर 3000 रुपये की गई है।
    मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 2898 आवास स्वीकृत किए गए हैं तथा 1050 का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है।
    कुल्लू जिला
    कृषि मन्त्री डाॅ. राम लाल मारकण्डा ने ऐतिहासिक ढालपुर मैदान में आयोजित गणतन्त्र दिवस के जिला स्तरीय समारोह में ध्वजारोहण किया व मार्च पास्ट की सलामी ली। इस अवसर पर जन समूह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्राकृतिक खेती को विशेषतौर पर प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिसके परिणामस्वरूप 1650 हैक्टेयर भूमि पर 40 हजार से अधिक किसानों द्वारा प्राकृतिक खेती की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 8,74,304 लाभार्थियों को 430.80 करोड़ रुपये प्रदान किए गए हैं। विकास में जन भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए माईजीओवी नाम से एक पोर्टल आरंभ किया गया है।
    डाॅ. रामलाल मारकण्डा ने कहा कि कुल्लू-मनाली और बंजार में इस वित्त वर्ष में सड़कों और पुलों के निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग को  37.5 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत 26 सड़कों को मंजूरी दी गई है, जिन पर लगभग 108 करोड़ रुपये की धनराशि व्यय होगी।
    ऊना जिला
    ऊना जिला में जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल) ऊना के प्रांगण में बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री विपिन सिंह परमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा मार्च पास्ट की सलामी ली।
    इस अवसर पर जिला में हुए विकास को प्रदर्शित करने वाली महिला एवं बाल विकास विभाग, बागवानी, कृषि, तथा स्वास्थ्य विभाग ने अपनी झांकियां भी प्रस्तुत की। जिला के विभिन्न स्कूलों के बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। इससे पहले स्वास्थ्य मंत्री ने नगर परिषद पार्क ऊना स्थित शहीदी स्मारक में वीर सपूतों को श्रद्धा सुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
    अपने संबोधन में विपिन सिंह परमार ने कहा कि प्रदेश में आयुष्मान भारत योजना में कवर न होने वाले सभी परिवारों के लिए चलाई जा रही हिम केयर योजना के तहत पांच लाख रुपये प्रति परिवार पांच सदस्यों के लिए निःशुल्क उपचार की सुविधा प्रदान की जा रही है। एक वर्ष के भीतर ही पांच लाख 50 हजार परिवारों ने इस योजना के तहत अपना पंजीकरण करवाया है। अब तक 58 हजार से भी ज्यादा रोगी इस योजना का लाभ उठा चुके हैं, जिन पर सरकार ने 54.75 करोड़ रुपये व्यय किए हैं।
    सोलन जिला
    ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, पशु पालन तथा मत्स्य पालन मंत्री वीरेन्द्र कंवर ने आज सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में जिला स्तरीय गणतन्त्र दिवस समारोह की अध्यक्षता करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार गांव को सशक्त आर्थिक इकाई बनाने एवं गौवंश के माध्यम से आर्थिक समृद्धि के युग का सूत्रपात करने के लिए संकल्पबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य में बेसहारा गौवंश को आश्रय देने की दिशा में कार्य कर रही है और एक माह के भीतर सिरमौर जिला के कोटला बड़ोग में 1.52 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित किए जा रहे गौ अभ्यारण्य का लोकार्पण मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा किया जाएगा।
    उन्होंने कहा कि प्रदेश में सोलन जिला के नालागढ़ उपमण्डल के हांडाकुण्डी में 03 करोड़ रुपए तथा ऊना जिला के थानाकलां खास में 1.69 करोड़ रुपए की लागत से गौ अभ्यारण्य निर्मित किए जा रहे हैं। इन्हें भी शीघ्र ही क्रियाशील कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हमीरपुर और कांगड़ा जिलों में भी बेसहारा गौवंश को आश्रय प्रदान करने के लिए गौ अभ्यारण्य स्थापित किए जाएंगे।
    हमीरपुर जिला
    उद्योग, श्रम एवं रोजगार व तकनीकी शिक्षा मन्त्री बिक्रम सिंह ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल) हमीरपुर में आयोजित जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की अध्यक्षता की। इस अवसर पर उन्होंने ध्वजारोहण किया और आकर्षक मार्च पास्ट की सलामी ली।
    इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश न केवल देश बल्कि विश्व में निवेशक प्रिय गंतव्य बनने की ओर अग्रसर है। प्रदेश में पहली बार 7-8 नवम्बर, 2019 को धर्मशाला में ग्लोबल इन्वेस्टर्ज मीट आयोजित की गईं। इस मीट में 96 हजार 720 करोड़ रुपये से भी अधिक के निवेश प्रस्तावों के 703 एमओयू हस्ताक्षरित किए गए हैं।
    उन्होंने कहा कि हमीरपुर जिला में मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के अंतर्गत इस वर्ष छह करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इस योजना के अंतर्गत जिला में 201 मामले विभिन्न बैंकों को ऋण स्वीकृति के लिए भेजे गए हैं।
    मण्डी जिला
    जिला मंडी में जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह सेरी मंच पर हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। वन, परिवहन, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री गोविन्द सिंह ठाकुर ने समारोह की अध्यक्षता की। इस दौरान वन मंत्री ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और पुलिस, होम गार्ड, एनसीसी, एनएसएस व स्काउॅटस एवं गाईड्स की टुकड़ियों द्वारा निकाले गए आकर्षक मार्च पास्ट की सलामी ली।
    इस अवसर पर अपने संबोधन में वन मंत्री ने कहा कि सरकार के प्रयासों और जन सहयोग से हिमाचल में वन क्षेत्र में आशातीत बढ़ोतरी हुई है। प्रदेश में बहुमूल्य वन संपदा के संरक्षण व संवर्धन के लिए व्यापक पौधा रोपण अभियान चलाए गए हैं। बीते दो वर्षों में 17285 हैक्टेयर वन भूमि में 1.54 करोड़ पौधे लगाए गए हैं। सरकार का लक्ष्य है कि साल 2030 तक प्रदेश का वन क्षेत्र 30 प्रतिशत तक पहुंचे। इसे लेकर समर्पित प्रयास किए जा रहे हैं।
    गोविन्द ठाकुर ने कहा कि सरकार पर्यटन क्षेत्र को निखारने के लिए योजनाबद्ध ढंग से काम कर रही है, जिससे युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। इस कड़ी में मंडी जिला में भी पर्यटन गतिविधियों को और रफ्तार दी जा रही है।
    कांगड़ा जिला
    गणतन्त्र दिवस के अवसर पर कांगड़ा जिला के धर्मशाला में जिला स्तरीय गणतन्त्र दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता व सहकारिता मन्त्री डाॅ. राजीव सैजल ने समारोह की अध्यक्षता की। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और आकर्षक मार्च पास्ट की सलामी ली।
    इस अवसर पर डाॅ. राजीव सैजल ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने मंत्रिमंडल की पहली बैठक में सामाजिक सुरक्षा पेंशन पाने की आयु सीमा को 80 वर्ष से घटाकर 70 वर्ष किया, जिसमें कोई आय सीमा नहीं रखी गई है। इस निर्णय से वरिष्ठजनों को विशेष लाभ पहुंचा है। प्रदेश में लगभग तीन लाख 57 हजार वरिष्ठजनों को पेंशन मिल रही है।
    उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा सभी वर्गों के उत्थान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे लोगों का सरकार पर विश्वास और मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आरम्भ जन मंच, मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाईन, हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना, हिमकेयर तथा सहारा जैसी प्रमुख योजनाओं के प्रभावशाली क्रियान्वयन से प्रदेशवासियों को विशेष राहत पहुुंची है।
    सिरमौर जिला
    विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज ने सिरमौर जिला के मुख्यालय नाहन में आयोजित जिला स्तरीय गणतन्त्र दिवस समारोह की अध्यक्षता की। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और आकर्षक मार्च पास्ट की सलामी ली।
    इस अवसर पर उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से प्रदेश के हर वर्ग और क्षेत्र का विकास सुनिश्चित किया जा रहा है। सरकारी स्कूलों में प्रवेश बढ़ाने के लिए 3740 राजकीय पाठशालाओं में प्री प्राईमरी कक्षाएं आरम्भ की गई हैं तथा इनमें 47 हजार बच्चों का नामांकन किया गया है।
    मुख्यमंत्री रोशनी योजना के तहत गरीब उपभोक्ताओं को मुफ्त बिजली कनेक्शन दिए जा रहे हैं। हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना के तहत गत एक वर्ष में दो लाख 76 हजार से भी अधिक निःशुल्क गैस कनेक्शन प्रदान किए गए हैं।
    किन्नौर जिला
    किन्नौर जिला में रिकांग पिओ के रामलीला मैदान में आयोजित जिला स्तरीय गणतन्त्र दिवस समारोह में उपायुक्त किन्नौर गोपाल चन्द ने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। इस अवसर पर उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि गणतन्त्र दिवस के अवसर पर देश की एकता एवं अखण्डता को अक्षुण बनाए रखने के लिए कुर्बानियां देने वाले महान व्यक्तियों को स्मरण करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान वित्त वर्ष के दौरान किन्नौर जिला में विकास कार्यों पर 85 करोड़ 77 लाख रुपये व्यय किए जा रहे हैं। जिला मंे लोगों की समस्याओं का समाधान उनके घरद्वार के निकट करने के लिए गत दो वर्षों के दौरान आठ जनमंच आयोजित किए गए हैं।
    उन्होंने कहा कि वर्तमान में जिले में 12552.37 हैक्टेयर क्षेत्र को बागवानी के अंतर्गत लाया गया है और वर्ष 2019-20 में 28 लाख 28 हजार 182 सेब की पेटियां देश की विभिन्न मंडियों में भेजी गई।
    लाहौल-स्पिति जिला
    उपायुक्त लाहौल-स्पिति केके सरोच ने पुलिस मैदान केलंग में आयोजित जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की अध्यक्षता की। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा परेड की सलामी ली। इस अवसर पर अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि देश का संविधान सभी देशवासियों को बिना किसी भेदभाव के विकास एवं उत्थान के समान अवसर प्रदान करता है। लोकतंत्र की शक्ति संविधान में ही निहित है।
    उन्होंने कहा कि लाहौल-स्पिति जिला में प्रदेश सरकार की सभी विकासात्मक योजनाओं का दक्षतापूर्वक कार्यान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। जनजातीय उप योजना के तहत इस वर्ष 51 करोड़ रुपये की राशि विभिन्न विकास कार्यों पर व्यय की जा रही है।
    उन्होंने कहा कि लाहौल की सभी 28 ग्राम पंचायतों में इंटरनेट सुविधा प्रदान करने के लिए 85 लाख रुपये की लागत से वी-सेट लगाए जा रहे हैं।

     

    Follow on Google News Follow on Facebook
    Share. Facebook Twitter Email WhatsApp
    Recent
    • कसौली विधानसभा क्षेत्र में लगभग 225 करोड़ रुपए की सिंचाई व पेयजल योजनाएं का कार्य प्रगति पर – मुकेश अग्निहोत्री
    • युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए समाज का एकजुट होकर कार्य करना आवश्यक – अजय यादव
    • चार दिन के लिए नाहन में सजा आभूषणों का भव्य संसार
    • सिरमौर जिला में पूरा हुआ गेहूं खरीद का कार्य, किसानों से खरीदा गया 19777 क्विंटल गेहूँ
    • हमारी संस्कृति ही हमारी वास्तविक धरोहर – संजय अवस्थी
    Recent Comments
    • Sandeep Sharma on केन्द्र ने हिमालयी राज्यों को पुनः 90ः10 अनुपात में धन उपलब्ध करवाने की मांग को स्वीकार किया
    • Sajan Aggarwal on ददाहू मैं बिजली आपूर्ति में घोर अन्याय
    © 2026 Himachal Varta. Developed by DasKreative.

    Type above and press Enter to search. Press Esc to cancel.