नाहन ( हिमाचल वार्ता न्यूज)(एसपी जैरथ):-15 मई 2025 को सिरमौर पुलिस की एसआईयू टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि सुरेंद्र सिंह निवासी गांव माशु, तहसील कमरऊ नशे के कारोबार में लिप्त है। पुलिस ने उसे धर दबोचा और उसके कब्जे से 55 शीशियां नशीले सिरप और 16,700 रुपये नकद बरामद किए। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह कमल कुमार और उसकी पत्नी प्रभा देवी (निवासी विकासनगर, देहरादून) के साथ मिलकर यह कारोबार करता था।
डीएसपी मुख्यालय रमाकांत ठाकुर के नेतृत्व में गठित विशेष वित्तीय जांच टीम ने अपराधियों की पूरी वित्तीय लेन-देन की जांच की। एनडीपीएस एक्ट के तहत सक्षम प्राधिकारी ने 35,73,171.87 रुपये की अवैध संपत्ति की जब्ती की पुष्टि की।
अब तक 3 करोड़ से अधिक संपत्ति जब्त
एसपी एनएस नेगी ने बताया कि सिरमौर पुलिस ने अब तक कुल पांच मामलों में 3.08 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति जब्त की है। पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी देकर इस मुहिम में सहयोग करें।
