मंडी ( हिमाचल वार्ता न्यूज़ ):- धर्मपुर के विधायक चन्द्रशेखर ने मंगलवार को धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सिद्धपुर में छात्रों की तीन दिवसीय अंडर-14 जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारम्भ किया। इस खेलकूद प्रतियोगिता में जिला के 12 खण्डों के लगभग 1000 छात्र विभिन्न खेल स्पर्धाओं में भाग ले रहे हैं। इस अवसर पर विधायक चन्द्रशेखर ने अपने संबोधन में खेलों को जीवन का अभिन्न अंग बताते हुए कहा कि खेल व्यक्ति को शारीरिक व मानसिक तौर पर तरोताजा रखते हैं। खेलों से व्यक्तित्व का बहुआयामी विकास होता है। शारीरिक व मानसिक फिटनेस बढ़ती है। उन्होंने कहा कि खेलों से बच्चों में अनुशासन, सहयोग और नेतृत्व के गुणों का विकास के साथ-साथ आपसी सहयोग व स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना भी पैदा होती है। इसलिए प्रत्येक को अपनी व्यस्तताओं के बावजूद खेल के लिए समय निकालना चाहिए तथा नशे जैसी बुराईयों से दूर रहना चाहिए।
सरकारी स्कूलों में बेहतर शिक्षा और सुविधा
विधायक चन्द्रशेखर ने कहा कि आज के दौर में सरकारी स्कूलों में हर प्रकार की सुविधा उपलब्ध है। वर्तमान सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार पर विशेष ध्यान केंद्रित कर रही है। उन्होंने कहा कि इन सुधारों का सुपरिणाम है कि हाल ही में हिमाचल को पूर्ण साक्षर राज्य का गौरव मिला है। शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश पहले 21वें स्थान पर था। प्रदेश में वर्तमान कांग्रेस सरकार बनने के बाद देश के राज्यों में तीसरा स्थान हासिल किया है। प्रदेश में अध्यापकों की योग्यता भी उच्चतम है। इसलिए उन्होंने अध्यापकों से आह्वान किया कि वे अभिभावकों को अपने बच्चों को सरकारी स्कूलों में पढ़ाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने अभिभावकों और अध्यापकों को विद्यार्थियों को नशे से दूर रखने के लिए जरूरी कदम उठाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव सहायता प्रदान कर रही है।
*lविधायक ने दी सौगातें
इस मौके विधायक चन्द्रशेखर ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाली छह बालिकाओं के लिए 1100-1100 रूपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की। साथ ही राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सिद्धपुर में बहुउद्देशीय हॉल के निर्माण हेतु 10 लाख रूपये की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सन्धोल, बहरी और टीहरा में शीघ्र ही पुस्तकालय की स्थापना/निर्माण किया जाएगा। साथ ही बहरी में इनडोर बैडमिंटन स्टेडियम का निर्माण भी किया जाएगा। वहीं बनेहरड़ी और भराड़ी स्कूलों के लिए खेल मैट्स उपलब्ध करवाए जाएंगे। इसके अलावा राजकीय सह-शिक्षा प्राथमिक पाठशाला सिद्धपुर में बैडमिंटन कोर्ट का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्कूल के दोनों ओर से लोक निर्माण विभाग द्वारा पीसीसी सड़क और पगडंडी का निर्माण कार्य 90 दिनों के भीतर पूरा किया जाएगा।
खेल छात्रावास व विद्यालयों की मरम्मत हेतु बजट स्वीकृत
इस मौकै पर विधायक ने यह भी बताया कि राजकीय उतकृष्ठ उच्च माध्यमिक पाठशाला सन्धोल में खेल सामग्री, फर्नीचर तथा अन्य आवश्यक वस्तुओं हेतु लगभग 18.61 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। साथ ही उन्होंने बताया कि वर्ष 2025-26 में क्षेत्र की 14 विभिन्न विद्यालयों के लिए मरम्मत और रख-रखाव हेतु विशेष रूप से लगभग 44 लाख रुपये की राशि आवंटित की गई है। इसमें राजकीय प्राथमिक पाठशाला पाड़च्छु, फिहड़, कोठी बस्सी, रोस्सो, सरी, तरयाम्बला, राजकीय मिडिल स्कूल जोढ़न, राजकीय सह-शिक्षा प्राथमिक पाठशाला फिहड़, भराड़ी, गद्दीधार व धर्मपुर शामिल हैं।
