मंडी ( हिमाचल वार्ता न्यूज़ ):- रविंद्रनाथ टैगोर राजकीय महाविद्यालय सरकाघाट में सरदार पटेल विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित तीन दिवसीय अंतर – महाविद्यालय महिला एवं पुरुष बास्केटबॉल प्रतियोगिता – 2025 का आज भव्य समापन हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक चन्द्रशेखर उपस्थित रहे। विधायक चन्द्रशेखर ने कहा कि खेल सिर्फ प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, आत्मविश्वास, शारीरिक मजबूती और टीमवर्क की बुनियाद हैं। बेटियों ने जिस अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन किया है, वह पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खेल सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
रोमांचक फाइनल मुकाबलों में सरकाघाट और मंडी ने मारी बाज़ी
प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों से लगभग 100 खिलाड़ियों की 09 टीमों ने भाग लिया। तीन दिनों तक चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल का परिचय दिया। पुरुष वर्ग में राजकीय महाविद्यालय सरकाघाट और राजकीय महाविद्यालय कुल्लू के मध्य कड़ा फाइनल मैच खेला गया, जिसमें सरकाघाट ने कुल्लू को 96-84 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में एमएलएसएम सुंदरनगर विजेता रहा। महिला वर्ग में फाइनल मैच सुंदरनगर और मंडी के बीच खेला गया, जिसमें राजकीय महाविद्यालय मंडी विजेता बना। महिला वर्ग में सरकाघाट ने बंजार को हराकर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
विधायक ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया, दी शुभकामनाएँ
मुख्य अतिथि ने विजेता एवं उप-विजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को भविष्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि जीत-हार से ऊपर खेल भावना और समर्पण ही वास्तविक उपलब्धि है।
प्रदेश के पहले महिला बास्केटबॉल छात्रावास का किया उद्घाटन
समारोह से पूर्व विधायक चन्द्र शेखर ने महाविद्यालय परिसर में सरस्वती माता मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने महाविद्यालय कैंटीन भवन का उद्घाटन और प्रदेश का पहला महिला बास्केटबॉल छात्रावास शुरू किया, जिसे उपस्थितजनों ने ऐतिहासिक कदम बताया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य आर. आर. कौंडल, एसएचओ सरकाघाट रजनीश ठाकुर, जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता विवेक हाजरी, विद्युत विभाग के अधिशाषी अभियंता राज कुमार गुप्ता, जिला परिषद सदस्य मनीष कुमार, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष जीवन गुप्ता, सचिव राजीव ठाकुर, पंचायत प्रतिनिधि सहित शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि, खेल अधिकारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
