नाहन (हिमाचल वार्ता न्यूज):– राजगढ़ ब्लॉक की ग्राम पंचायत भांनत में विकास कार्यों को लेकर पंचायत प्रधान पर आरोप प्रत्यारोप का सिलसिला इन दिनों काफी सुर्खियों में हैंे । बीते दिनों कोटी गांव के निवासी रमेश बेडू द्वारा पंचायत प्रधान पर भ्रष्टाचार और विकास कार्यों में अनियमितता के आरोप लगाए गए थे जिसके पक्ष में भानत पंचायत के प्रधान सहित अन्य प्रतिनिधियों ने इन आरोपों का कड़े शब्दों में खंडन किया है ।
ग्राम पंचायत भाणत की प्रधान संतोष शर्मा, उप-प्रधान व वार्ड सदस्यों ने स्पष्ट रूप से कहा कि पंचायत में सभी विकास कार्य नियमों, गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ किए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति विशेष को जब पंचायत स्तर पर निजी लाभ नहीं मिला, तो उसी कुंठा के चलते पंचायत की छवि खराब करने के लिए निराधार आरोप लगाए गए हैं।
पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि सड़क का कार्य पूरी तरह सही ढंग से किया गया था, लेकिन भारी बारिश के कारण सड़क को नुकसान पहुंचा, जिसे गलत तरीके से तोड़-मरोड़ कर पेश किया जा रहा है। वहीं पेयजल टैंक पूरी गुणवत्ता के साथ बनाया गया है, जिसका लाभ आज पंचायत के सभी लोग ले रहे हैं। इसके अतिरिक्त पक्के रास्तों का निर्माण भी नियमानुसार किया गया है और इसके लिए आई सारी सामग्री उसी कार्य में लगाई गई है।
प्रधान संतोष शर्मा ने संबधित विभाग से मांग की कि मौके पर आकर सभी विकास कार्यों का भौतिक निरीक्षण किया जाए, ताकि सच्चाई सार्वजनिक हो सके। उन्होंने सीधा निशाना साधते हुए कहा कि पंचायत की छवि को बेवजह खराब किया जा रहा है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आवश्यकता पड़ी तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
