नाहन ( हिमाचल वार्ता न्यूज):- 77वें गणतंत्र दिवस जिला स्तरीय समारोह नाहन के ऐतिहासिक चौगान में बडे़ हर्षोल्लास के साथ मनाया गया, जिसकी अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने की।
कार्यक्रम का आगाज विधानसभा अध्यक्ष द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड द्वारा दी गई सलामी लेकर किया गया। परेड में पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस, सहित विभिन्न स्कूलों की 16 टुकड़ियों ने भाग लिया। इस परेड का नेतृत्व पुलिस उप निरीक्षक अच्छर सिंह ने किया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में विधानसभा अध्यक्ष ने लोगों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 26 जनवरी, भारत के इतिहास में एक ऐसी तारीख है जब भारतीय गणतंत्र की नींव रखी गई, इसी दिन सन 1950 को स्वतंत्र भारत देश ने अपने संविधान को अपनाया था, जिसके साथ भारत सही अर्थो में गणतंत्र बना। उन्होंने देश व प्रदेश के महान सपूतों और देशभक्तों को नमन किया, जिन्होंने देश को स्वाधीनता दिलवाने में कुर्बानियां दी।
उन्होंने संविधान निर्माता डाॅ. भीमराव अंबेडकर को याद करते हुए कहा कि आज के दिन हम सब देशवासी उन सभी दूरदर्शी जन नायको का कृतज्ञतापूर्वक स्मरण करते है जिन्होंने हमारे भव्य और प्रेरक संविधान के निर्माण में अमूल्य योगदान दिया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के शांतिप्रिय नागरीको ने सदैव संविधान के मूल्यों एवं सामाजिक सौहार्द को सशक्त किया और संविधान के आदर्शो के प्रति सदैव अपनी निष्ठा व्यक्त की है।
उन्होंने कहा कि विभिन्न चुनौतियों को स्वीकार करते हुए प्रदेश सरकार ने आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए नए संसाधनों के सृजन पर बल दिया है।
