नाहन ( हिमाचल वार्ता न्यूज) (एसपी जैरथ):-उत्तर भारत के प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री महामाया बाला सुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर में इस बार चैत्र नवरात्र मेले नई भव्यता के साथ शुरू हो रहे हैं। पहली बार शिव तालाब मंदिर में 3000 देसी घी के दीपक जलाकर शिव-गौरा महाआरती का आयोजन किया जाएगा, जो इस बार मेले का मुख्य आकर्षण रहेगा।
मंदिर न्यास के संयुक्त आयुक्त एवं एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान ने बताया कि 19 मार्च, 26 मार्च और 1 अप्रैल को आयोजित होने वाली यह महाआरती श्रद्धालुओं को एक दिव्य अनुभव प्रदान करेगी। इसके साथ ही शिव तालाब में नौका विहार की व्यवस्था भी इस बार विशेष आकर्षण के रूप में जोड़ी गई है।
मेले के सफल आयोजन को लेकर प्रशासन और मंदिर न्यास ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मेला क्षेत्र की निगरानी के लिए करीब 200 सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत 70 पुलिस जवान, 150 होमगार्ड और 150 निजी सुरक्षा कर्मी तैनात किए गए हैं।
इसके अलावा मंदिर न्यास के लगभग 500 कर्मचारी व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में जुटे रहेंगे।श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
हीमुडा की 86 बीघा भूमि के साथ-साथ सरकारी और निजी जमीन पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है, जहां करीब 200 भारी वाहनों, 1000 कारों और 1000 से अधिक दोपहिया वाहनों को खड़ा किया जा सकेगा। मेला क्षेत्र को 6 ब्लॉकों में विभाजित किया गया है, जहां चिन्हित स्थानों पर ही लंगर लगाने की अनुमति होगी। निजी स्तर पर लंगर लगाने के लिए 5000 रुपये का न्यूनतम शुल्क निर्धारित किया गया है।
