नाहन ( हिमाचल वार्ता न्यूज) (एसपी जैरथ):- पांवटा साहिब में ब्राईटन होटल के समीप CTU बस की चपेट में आने से सड़क पार कर रहा एक व्यक्ति घायल हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मंथन सुखीजा निवासी मैन बाजार, पांवटा साहिब ने पुलिस थाना पांवटा साहिब में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायतकर्ता के मुताबिक वह मोगीनंद से अपने दोस्त के घर से बाइक पर वापस पांवटा साहिब आ रहा था। दिन के समय जब वह ब्राईटन होटल के पास पहुंचा, तभी बांगरन चौक की ओर से आ रही एक CTU बस ने सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल व्यक्ति को सड़क से उठाकर रिक्शा के माध्यम से उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस के मुताबिक दुर्घटना में शामिल बस चंडीगढ़ से देहरादून जा रही थी और उसका नंबर CH01GA-1467 बताया गया है। बस चालक ने अपना नाम राजेंद्र सिंह बताया। पुलिस थाना पांवटा साहिब ने बस चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।
