नाहन( हिमाचल वार्ता न्यूज)अरिहंत इंटरनेशनल विद्यालय, नाहन के होनहार निशानेबाज सूर्यांश कपूर और ओजस्विनी ने अपनी शानदार प्रतिभा और अथक मेहनत के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। दोनों खिलाड़ियों ने उत्तराखंड के देहरादून स्थित त्रिशूल शूटिंग रेंज में आयोजित 45वीं नॉर्थ जोन शूटिंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई किया।
50 मीटर थ्री पोजिशन .22 राइफल इवेंट में सूर्यांश कपूर ने यूथ पुरुष वर्ग तथा ओजस्विनी ने यूथ महिला वर्ग में निर्धारित क्वालिफिकेशन स्टैंडर्ड हासिल कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपनी जगह सुनिश्चित की। उनकी इस उपलब्धि से अरिहंत इंटरनेशनल विद्यालय परिवार में खुशी की लहर है। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या *श्रीमती स्टिमी मारिया* ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा, “सूर्यांश और ओजस्विनी की यह सफलता उनकी प्रतिभा, अनुशासन, निरंतर अभ्यास और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। खेल के क्षेत्र में विद्यार्थियों की उपलब्धियाँ उन्हें आत्मविश्वास प्रदान करने के साथ-साथ अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरित करती हैं। हमें विश्वास है कि दोनों खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।”। विद्यालय प्रबंधन की ओर से चेयरमैन *श्री अनिल जैन,* महासचिव *श्री सचिन जैन* एवं अतिरिक्त कार्यभार देख रहे श्री *सम्यक जैन* ने दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, “सूर्यांश कपूर और ओजस्विनी ने अपनी मेहनत और समर्पण से विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई करना निश्चित रूप से एक बड़ी उपलब्धि है। हम दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं और आशा करते हैं कि वे राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय एवं प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।विद्यालय परिवार ने दोनों प्रतिभावान निशानेबाजों को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए आगामी नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के लिए शुभकामनाएँ दीं।
