नाहन ( हिमाचल वार्ता) (एसपी जैरथ):-जिला सिरमौर में पशु कल्याण एवं पशुओं के संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श के लिए सोसायटी फॉर प्रिवेंशन ऑफ क्रुएल्टी टू एनिमल्स (एसपीसीए), सिरमौर की त्रैमासिक बैठक आज उपायुक्त कार्यालय नाहन के सम्मेलन कक्ष में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने की। बैठक में आवारा पशुओं के प्रबंधन, गौशालाओं के सुचारू संचालन, पशु क्रूरता की रोकथाम, पशु स्वामित्व के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा आवारा कुत्तों के प्रबंधन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में निराश्रित मवेशियों की समस्या के प्रभावी समाधान के लिए पुलिस विभाग की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। इसके अतिरिक्त, पशुओं के जिम्मेदार स्वामित्व को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। बैठक में अवगत करवाया गया कि पशु क्रूरता निवारण अधिनियम (PCA) के प्रावधानों के संबंध में भी लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान शुरू किया जाएगा।
बैठक में विभिन्न गौशालाओं के सुचारू एवं बेहतर प्रबंधन से जुड़े मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई तथा संबंधित विभागों को आवश्यक समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। आवारा कुत्तों के लिए एनिमल बर्थ कंट्रोल कार्यक्रम शीघ्र शुरू करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए एसडीएम नाहन, उपनिदेशक पशुपालन विभाग, अध्यक्ष नगर परिषद नाहन तथा कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद नाहन की संयुक्त टीम द्वारा नाहन शहर में उपयुक्त स्थानों का संयुक्त निरीक्षण किया जाएगा।
