नाहन ( हिमाचल वार्ता न्यूज):-शहीद कमल कांत मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोटड़ी व्यास की छात्राओं ने खेल के मैदान में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है। मानपुर देवड़ा में आयोजित जिला स्तरीय अंडर-19 लड़कियों की हैंडबॉल प्रतियोगिता में कोटड़ी व्यास की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए सिरमौर विजेता का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता के दौरान टीम ने बेहतरीन रणनीति और टीमवर्क के दम पर विभिन्न विद्यालयों की टीमों को पराजित करते हुए फाइनल में जगह बनाई। निर्णायक मुकाबले में कोटड़ी व्यास की खिलाड़ियों ने बनौर की टीम को एकतरफा मुकाबले में हराकर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। टीम की कप्तान स्नेहा चौधरी के नेतृत्व में नंदिता, दीपिका, कृतिका, देवांशी, अंशश्वी, पायल, प्रिया, आकांक्षा और स्नेहा ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने अनुशासन, आत्मविश्वास और आपसी तालमेल का परिचय देते हुए मुकाबलों में अपना दबदबा बनाए रखा।
विजेता टीम के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में गुरविंदर सिंह गेरी और चरणजीत चौधरी ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस दौरान पिछले वर्ष गोल्ड मेडल जीतने वाली हैंडबॉल खिलाड़ी स्नेहा को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य जीवन प्रकाश जोशी ने टीम, कोच और खिलाड़ियों को इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि छात्राओं की यह सफलता विद्यालय के लिए गर्व का विषय है और उनकी मेहनत अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
