नाहन। कालाअंब स्थित हिमालयन कॉलेज के ठीक सामने हरियाणा की सीमा में स्थित शिवालिक कॉलोनी में रह रहे ओरिसन फार्मा कंपनी के दो और कर्मचारियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जानकारी के मुताबिक संक्रमित पाए गए कंपनी का एक कर्मचारी कुरुक्षेत्र जिला का रहने वाला है, जबकि दूसरा यमुनानगर जिला से संबंध रखता है।
इन कर्मचारियों ने कंपनी के समीप ही शिवालिक कॉलोनी में किराए के मकान लिए हुए थे। कर्मचारियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आते ही नारायणगढ़ प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया, इन्हें अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया। बता दें कि यह दोनों ही नए मामले हिमाचल के खाते में नहीं आएंगे, क्योंकि वह हरियाणा की सीमा में रह रहे थे।
लेकिन हिमाचल की चिंता से भी इनकार नहीं किया जा सकता है। बता दें कि ओरिसन फार्मा हिमाचल की सीमा में स्थित है, जबकि कर्मचारियों का आना- जाना हिमाचल के अलावा हरियाणा के यमुनानगर व अंबाला जिलों से भी रहता था। उधर, सिरमौर के उपायुक्त डॉ, आरके परुथी ने कंपनी के दो कर्मचारियों के पॉजिटिव पाए जाने की पुष्टि की।