नाहन। जिले में एंट्री के लिए कालाअंब नाके पर जाली पास दिखाने पर पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस संबंध में कालाअंब पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने छठी भारतीय आरक्षित वाहिनी धौलाकुआं के आरक्षी शुभम शर्मा की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। कालाअंब पुलिस को सौंपी शिकायत में आरक्षी ने बताया कि वह कालाअंब नाके पर डाटा ऑपरेटर की ड्यूटी कर रहा था।
शाम करीब साढ़े सात बजे एक लड़की उसके पास आई, जिसे चिकित्सा अधिकारी ने होम कवांरटीन किया था। जब लड़की से हिमाचल में आने के लिए परमिशन पास मांगा तो उसके रिश्तेदार मंसूर ने कोविड पास नंबर 693165 पेश किया। पास में पुरुवाला सिरमौर से चंडीगढ़ एयरपोर्ट और वापसी दर्शाई गई थी। जब ई-पास के क्यूआर कोड को सरकारी ऐप में चेक किया तो यह पास प्रदीप सिंह, फतेह सिंह और पालो देवी के नाम जारी किया जाना पाया गया।
पास की पड़ताल के बाद लड़की से पूछताछ की तो अपना नाम खातमा जबकि, अन्य व्यक्ति ने अपना नाम मंसूर बताया। ये दोनों पास में वर्णित व्यक्तियों प्रदीप सिंह और अन्य के बारे पूछने पर सही जानकारी नहीं दे सके। साथ ही केविड पास का सीरियल नंबर जांचने पर डाटा नोट फाउंड आया।
पुलिस के अनुसार आरोपी व्यक्ति अपनी रिश्तेदार को लेने चंडीगढ़ गया था। वापसी पर जब पुलिस ने पास की पुलिस ने प्रारंभिक जांच की तो यह जाली पाया गया। इस पर आरोपी व्यक्ति के खिलाफ पुलिस थाना कालाअंब में मामला दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक सिरमौर अजय कृष्ण शर्मा ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।