मेडिकल कॉलेज में ड्यूटी पर लौटे चिकित्सक व अन्य स्टाफ
नाहन। मेडिकल कॉलेज नाहन में क्वारंटीन किए चिकित्सकों समेत अन्य स्टाफ सदस्य ड्यूटी पर लौट आए हैं। अब कॉलेज में गायनी सेवाएं भी शुरू हो गई हैं। तीन गायनी विशेषज्ञों ने ओपीडी में मोर्चा संभालकर गर्भवती महिलाओं की जांच शुरू कर दी है। इससे पहले मेडिकल कॉलेज से गर्भवती महिलाएं दूसरे अस्पतालों में रेफर की जा रही थीं।
बता दें कि मेडिकल कॉलेज में 30 मई को महिला की डिलीवरी के बाद उसे कोरोना संक्रमित पाया गया था महिला का सिजेरियन किया गया था। लिहाजा, जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग ने मेडिकल कॉलेज नाहन के पांच चिकित्सकों, 35 स्टाफ सदस्यों के अलावा एसआरएल लैब के चार सदस्यों को होम क्वारंटीन किया था। इसमें तीन चिकित्सक गायनी विशेषज्ञ भी थे।
स्त्री रोग विशेषज्ञों को होम क्वारंटीन किए जाने से नाहन में ओपीडी सेवाओं के साथ साथ ओटी भी बंद कर दी गई। करीब एक सप्ताह बाद मेडिकल कॉलेज का पूरा स्टाफ ड्यूटी पर लौट आया है। अब गायनी विशेषज्ञों ने भी अपनी सेवाएं देनी शुरू कर दी हैं।
इससे गर्भवती महिलाओं को राहत मिलेगी। चिकित्सकों के ड्यूटी पर लौटने से अब रोजाना चेकअप व अन्य टेस्ट हो पाएंगे। उधर, मेडिकल कॉलेज नाहन के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय शर्मा ने बताया कि पूरा स्टाफ ड्यूटी पर लौट आया है। गायनी विशेषज्ञों समेत अन्य स्टाफ ने अपनी सेवाएं देनी शुरू कर दी हैं।