खेत में कर रहा था कार्य चक्कर आया और सर पत्थर से टकरा गया
नाहन। नाहन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पालियो पंचायत में एक 19 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो जाने का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सुबह करीब 10:00 बजे के आसपास सौरभ पुत्र काका राम अपने खेत में काम करने गया था। अचानक उसको खेत में चक्कर आ गया। चक्कर आते ही वह जैसे ही जमीन पर गिरा उसका सर एक बड़े पत्थर से टकरा गया।
इस कारण उसके सर से काफी खून भी बहा। चूंकि इस ग्राम पंचायत को सबसे नजदीक नारायणगढ़ हरियाणा का हॉस्पिटल पड़ता है। लिहाजा युवक को उसके परिजन नारायणगढ़ अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दुखद घटना के बाद पूरे क्षेत्र में मातम छा गया है। वही इस दुखद घटना पर जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है।
वही एसटी मोर्चा के जिला अध्यक्ष रमेश आदि ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कालाअंब थाना को इसकी सूचना दे दी गई थी। कालाअंब थाना से पुलिस शव को लेने जा चुकी है। मृतक का पोस्टमार्टम नाहन मेडिकल कॉलेज में करवाया जाएगा।