क्लोरीन गैस के सिलेंडर लेकर जा रहा था कैथल अचानक हुआ जोरदार विस्फोट
नाहन। बीते कल शुक्रवार की शाम को नाहन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बर्मा पापड़ी गांव निवासी 32 वर्षीय रमेश पुत्र हेम सिंह की सिलेंडर ब्लास्ट में दर्दनाक मौत हो जाने का मामला जानकारी में आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रमेश अंबाला कैंट से पिकअप में क्लोरीन गैस के कुछ सिलेंडर लेकर हरियाणा के कैथल जा रहा था। पेहवा के समीप इस्माइलाबाद नेशनल हाईवे पर चालक रमेश ने परिचालक को पानी लेने के लिए भेजा।
इसी दौरान गाड़ी में रखे क्लोरीन गैस के सिलेंडर में भीषण विस्फोट हुआ। बताया जा रहा है यह धमाका इतना जोरदार था कि कई किलोमीटर दूर तक इसकी आवाज सुनी गई। इस हादसे में गाड़ी चालक रमेश बुरी तरह से जख्मी हो गया। जिसे फौरन पुलिस की मदद से कुरुक्षेत्र सरकारी अस्पताल में ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान बर्मा पापड़ी के इस युवक की मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही इस्माइलाबाद थाना पुलिस मौके पर आ चुकी थी। यह घटना आज बीते कल शुक्रवार शाम के 6:30 बजे के आसपास की है। एस एच ओ सुभाष थाना इस्माइलाबाद ने पुष्टि करते हुए बताया कि इस हादसे में हिमाचल निवासी युवक की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि क्लोरीन गैस सिलेंडर में ब्लास्ट होने के कारण यह हादसा हुआ है। इस हादसे में परिचालक सुरक्षित है तथा गाड़ी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम हेतु भिजवा दिया गया है।
उधर इस हादसे की जानकारी मिलते ही बर्मा पापड़ी क्षेत्र में शोक लहर दौड़ पड़ी है। जिला सिरमौर भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता सहित पंचायत प्रधान वह मंडल अध्यक्ष आदि ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए अपनी संवेदनाएं व्यक्त की है।