नाहन। शिलाई भाजपा मंडल के उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह नेगी का शव 5 दिन बाद उत्तराखंड के इछाड़ी डैम से बरामद हो गया है। उपाध्यक्ष को ढूंढने का प्रयास पिछले 4 दिनों से जारी था परंतु उनका कहीं कोई सुराग नहीं लग पा रहा था लेकिन अब 5 दिन बाद शव बरामद कर लिया गया है।
बता दें कि रविवार दोपहर बाद समाजसेवी व राजनीतिज्ञ महेंद्र सिंह नेगी उर्फ बाजा अपने दोस्तों के साथ टोंस नदी में नहाने उतरे थे, और तेज बहाव की चपेट में आ जाने से लापता हो गए थे। इसके बाद से लगातार ही सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था।
आज पांचवे दिन अपने आप ही शव नदी के एक किनारे पर तैरता हुआ नजर आया। इसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया है। बता दें कि भाजपा मंडल के उपाध्यक्ष महेंद्र नेगी का शव मिलने से क्षेत्र में भी शोक की लहर है।