शादी समारोह में गए 58 वर्षीय व्यक्ति की ढांक से गिरकर दर्दनाक मौत!
नाहन (हिमाचलवार्ता)। जिला सिरमौर के शिलाई उपमंडल के तहत आने वाले बशंवा गांव में एक व्यक्ति की ढांक से गिरकर मौत हो जाने का मामला संज्ञान में आया है। मृतक व्यक्ति की पहचान 58 वर्षीय ग्यार सिंह पुत्र सुखराम शिलाई के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार व्यक्ति गांव में एक शादी समारोह में गया था। रात को जब व्यक्ति वापस घर लौट रहा था तो अचानक व्यक्ति का पांव फिसला और वह खाई में जा गिरा।
बताया जा रहा है कि जिस समय यह हादसा हुआ उस समय व्यक्ति के साथ दो अन्य लोग भी मौजूद थे। उन्होंने जैसे ही व्यक्ति को खाई में गिरता देखा तो वह नीचे उतरे और कड़ी मशक्कत के बाद व्यक्ति को घायल अवस्था में उपचार के लिए शिलाई अस्पताल पहुंचाया गया। परंतु जख्मों के घाव न सहते हुए व्यक्ति ने उपचार के दौरान ही दम तोड़ दिया।
उधर, खबर की पुष्टि करते हुए शिलाई पुलिस थाना के एसएचओ मस्तराम ने बताया कि एक व्यक्ति की खाई में गिरने से मृत्यु हो गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के पश्चात परिजनों को सौंप दिया है। वहीं पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।