बस किराये में वृद्धि के बाद अब सरकार ने दिया बिजली का झटका 14 गुना तक बढ़ाया टैरिफ : कांग्रेस
नाहन (हिमाचलवार्ता)। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अनिन्द्र सिंह नौटी , जगदीश चौधरी चंद्रजीत सिंह ढिल्लों , संदीप बत्रा , सिमरत सिंह , मनजीत सिंह , हरप्रीत सिंह खालसा , धनवीर कपूर , समीर शर्मा , अविनाश कौर , सुजाता शर्मा , सूखा धीमान , विराजना मसोई , विनय गोयल , साजिद हाशमी , दिनेश शर्मा घासीराम , हरीश चौधरी , जोगेंदर चौधरी , मान सिंह चौधरी , परमजीत बंगा , दिलबाग सिंह , मोहन सिंह सैनी और रामपाल आदि कांग्रेस नेताओं ने आज पांवटा साहिब में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार रोज नए-नए तरीकों से जनता की जेबों पर डाका डालने पर तुली हुई है।
उन्होंने कहा कि इस बार सरकार व ऊर्जा विभाग ने घरेलू तथा खेती के कनेक्शन की दरें एकदम कई गुना कर दी हैं। करोनाकाल में मंदी की मार झेल रही प्रदेश की जनता तथा किसानों को पहले से ही खाने के लाले पड़े हुए हैं ऐसे में सरकार जले पर नमक लगाकर क्या साबित करना चाहती है। घरेलू कनेक्शन की सिक्योरिटी अब जहां सीधे 11000 कर दी गई है , वहीं पर खेती के उपयोग हेतु बोरवेल के कनेक्शन की दर 350 प्रति किलोवाट से बढ़ाकर सीधे 4900 यानी 14 गुना बढ़ाई गई है।
