नाहन (हिमाचलवार्ता)। पांवटा साहिब उपमंडल के गोरखूवाला में व्यक्ति की हत्या मामले में मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को अदालत ने 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। बता दें कि गिरिपार की गोरखूवाला पंचायत निवासी रामदास (42) का शव शुक्रवार रात को बाइक के साथ सड़क किनारे पड़ा मिला था। वहां से गुजरने वाले लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया।
मृतक के भाई रामपाल ने मृतक की पत्नी और एक अन्य युवक पर हत्या का शक जताया। रामपाल ने पुलिस को बयान दिया कि मृतक की पत्नी नीता के पास भंगानी साहब का अश्विनी नाम का युवक अकसर आता है। इसको लेकर उसके भाई और भाभी में लड़ाई-झगड़े होते थे। छह नवंबर रात को भी मृतक का पत्नी और अश्विनी के साथ झगड़ा हुआ था।
शिकायत पर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर दोनों से कड़ी पूछताछ की। जिसके बाद खुलासा हुआ की शुक्रवार देर रात को महिला व उसके प्रेमी ने रामदास का गला चुन्नी से दबाकर उसे मौत के घाट उतार दिया था।
