बॉलीवुड अभिनेता आसिफ बसरा ने किया सुसाइड, जाँच में जुटी पुलिस!
धर्मशाला (हिमाचल वार्ता) :- बॉलीवुड अभिनेता आसिफ बसरा द्वारा सुसाइड करने का मामला संज्ञान में आया है। बताया जा रहा है कि आसिफ बसरा ने वीरवार को मैकलोडगंज में जोगीबाड़ा रोड पर स्थित एक कैफे के पास सुसाइड कर लिया। उधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार अभिनेता आसिफ बसरा पिछले 5 साल से मैक्लोडगंज में एक किराए के मकान में रह रहे थे। बताया जा रहा है कि उनकी एक विदेशी दोस्त भी उनके साथ रह रही थी। हालांकि बसरा ने आत्महत्या जैसा खौफनाक कदम क्यों उठाया, इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है ना ही मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद हुआ है। लिहाजा, पुलिस इस मामले की गहनता से छानबीन में जुट गई है।
अभिनेता के निधन से उनके फैंस हैरान रह गए हैं। वहीं, बॉलीवुड में एक बार फिर शोक की लहर दौड़ गई है। 53 साल के आसिफ बसरा ‘परजानियां’ ब्लैक ‘फ्राईडे’ के अलावा, हॉलीवुड मूवी आउटसोर्स में भी नजर आए थे। इमरान हाशिमी की ‘वन्स ऑपोन ए टाइम इन मुंबई’ में भी उन्होंने इमरान हाशिमी के पिता का किरदार निभाया था। वह सिनेमा का जाना पहचाना चेहरा थे। साल 1998 में फिल्म ‘वो’ में वह पहली बार नजर आए थे। उसके बाद से अब तक उन्होंन दर्जनों फिल्मों में अहम भूमिकाएं निभाई थीं।