नाहन (हिमाचलवार्ता)। कोरोना संकट के बीच त्योहारों को लेकर बाजार सजने लगे हैं। शहर सहित ग्रामीण इलाकों में दीपावली को लेकर बाजारों में रौनक बढ़नी शुरू हो गई है। ऐसा ही कुछ नजारा नाहन शहर में भी देखने को मिल रहा है। लोग दीपावली को लेकर जम कर खरीददारी कर रहे हैं। इस दौरान दुकानदारों द्वारा कोरोना महामारी को लेकर सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का पूर्ण पालन किया जा रहा है और ग्राहकों से भी करवाया जा रहा है।
दुकानदारों द्वारा ग्राहकों को विभिन्न ऑफर्स दिए जा रहे हैं। साथ ही ग्राहकों को डिस्काउंट भी दिया जा रहा है। बता दें कि दिपावली को लेकर लोग तैयारियों में जुट गए हैं। लोग अपने घरों में साफ-सफाई से लेकर अन्य तैयारियों करना शुरु कर दिया है। धनतेरस, दिपावली को लेकर लोग अपने-अपने तरीके से त्योहार का आनंद उठाने की तैयारी में लग चुके हैं। फूल, मिठाई, बरतन, गहने, गाड़ी आदि हर तरह के व्यवसाय से जुड़े लोग इसके लिए कमर कसकर अपने-अपने तरीके से तैयारी कर लिए है।
दीपावली के दिन पूजे जाने वाले लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाएं भी एक से बढ़कर एक बाजार में उपलब्ध है। घर के सजावटी सामान के साथ अन्य जरूरत की सामग्री व आभूषण, कपड़े आदि की खरीदारी बाजार में हो रही है। इसके अलावा दीवाली के लिए नए कलेंडरों, लड़ियों, दीयों व पूजा की सामग्री की भी खूब बिक्री हो रही है। घर को रोशन करने के लिए बिजली की लड़ियों सहित पर्दे की खरीदारी भी जमकर हो रही है। वहीँ, कारोबार में तेजी आने से व्यापारियों के चेहरे भी चमक उठे हैं।
