लॉकडाउन के दौरान भी रोटी बैंक ने किया बेहतर कार्य : बिंदल

नाहन (हिमाचलवार्ता)। दशमेश रोटी बैंक ने आज 55 परिवारों को निशुल्क महीने भर का राशन वितरित किया। ऐतिहासिक गुरूद्वारा श्री दशमेश अस्थान साहिब नाहन में पिछले 3 सालों से निरंतर समाज सेवा में अग्रसर दशमेश रोटी बैंक निर्धन व ज़रूरतमंद गरीब परिवारों के लिए वरदान साबित हो रहा है।
समाज सेवा में अग्रणी दशमेश रोटी बैंक समाज के असहाय और निर्धन लोगों को हर संभव मद्द देने के लिए सालों से निरंतर प्रयासरत है। आज दिवाली के मौके पर एक माह का मुफ्त राशन वितरित किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक डा. राजीव बिंदल ने मुख्य रूप से शिरकत की। डा. बिंदल ने कहा कि रोटी बैंक द्वारा किया जा रहा कार्य सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि मानव सेवा नारायण सेवा के समान है। दशमेश रोटी बैंक द्वारा पिछले 3 सालों से समाज के गरीब और असहाय तबके के हजारों लोगों को राशन वितरण का कार्य किया जा रहा है जो कि अपने आप में एक मिसाल है। दशमेश रोटी बैंक ने लॉकडाउन के दौरान भी समाज की खूब सेवा की है। जो अपने आप में अन्य समाज सेवी संस्थाओं के लिए एक उदाहरण है।
उन्होंने भविष्य में भी इसी तरह से गरीब लोगों की मदद करने की दशमेश रोटी बैंक से कामना की है। रोटी बैंक के संस्थापक एवं अध्यक्ष सेवानिवृत शिक्षक सरबजीत सिंह ने बताया कि दशमेश रोटी बैंक करीब 3 साल पहले स्थापित किया गया था। रोटी बैंक को स्थापित करने का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद परिवार को दो समय का भोजन आसानी से उपलब्ध करवाना है।
उन्होंने बताया कि अभी तक हजारों लोग रोटी बैंक से नि:शुल्क राशन का लाभ उठा चुके है और निरंतर उठा भी रहे है। आज करीब 55 परिवारों को नि:शुल्क राशन मुहैया करवाया गया है। जिसमें प्रति परिवार 15 से 20 किलो आटा, 5 किलो चावल, 3 किलो दालें, एक किलो चिन्नी, रिफाइंड, तेल, नमक आदि वितरित किया गया है।
इस अवसर पर जर्मन से पहुंचे मनजीत सिंह जौहल, चंडीगढ़ से आए जसवीर सिंह, दलबीर सिंह, सतिंद्र कौर, गुणीत कौर, हरप्रीत कौर पिंकल, गुरूद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान अमृत सिंह शाह, दलीप सिंह, सुरजीत सिंह, मनिंद्र सिंह, विशाल आदि उपस्थित थे।
