नाहन (हिमाचलवार्ता)। पांवटा साहिब के माजरा पुलिस थाना के तहत 5 दिन बाद लापता चल रहे एक व्यक्ति का शव जंगल से बरामद किया गया है। मृतक की शिनाख्त शमशेर सिंह (52) पुत्र भोलू राम निवासी गांव टोका नगला डाकघर जामनीवाला तहसील पांवटा-साहिब के रूप में हुई है। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। हालाकि व्यक्ति की मौत कैसे हुई है इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है।वही पुलिस इस मामले की गहनता से छानबीन में जुट गई है। जानकारी के अनुसार उक्त व्यक्ति मानसिक रूप से परेशान था तथा वह 11 नवंबर को घर से घास लेने के लिए जंगल की ओर निकला था। जब देर तक भी वह वापस नहीं लौटा तो परिवार के सदस्यों ने उसकी तलाश शुरू की। परंतु उसका कहीं कोई सुराग नहीं लगा। रिश्तेदारों और आसपास के लोगों से भी उसके बारे में पूछताछ की परंतु सफलता हाथ नहीं लगी।
जिसके बाद परिजनों ने इसकी शिकायत पुलिस थाना में भी दर्ज करवाई थी। इसी बीच किसी ने तूतीवाड़ा जंगल में दो शाखाओं वाले पेड़ के तनों में शमशेर की गर्दन फंसी हुई पाई। जब मौके पर देखा गया तो वह मृत पड़ा हुआ था। जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने आईपीसी की धारा-174 के तहत मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है।
|
|