जिला पुलिस ने जाली सिम कार्ड से ठगी करने वाले शातिरों का किया पर्दाफाश, अपनाया यह नायाब तरीका…
कुल्लू (हिमाचल वार्ता) :- जिला कुल्लू में पुलिस ने जाली सिम कार्ड से लोगों को ठगने वाले शातिरों का पर्दाफाश किया। यह शातिर जाली सिम से दुकानदारों को फोन करके उन्हें अपना शिकार बनाते थे। पुलिस ने चार आरोपियों को पकड़ा है। पकड़े गए सभी आरोपियों का क्रिमिनल रिकॉर्ड है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार इन शातिरों ने मीट की दुकान करने वाले एक व्यक्ति को फोन किया और कहा कि वह उनके दूर के रिश्तेदार है और उन्हें 20 किलो मीट चाहिए। कुछ देर बाद आरोपी दोबारा दुकानदार को फोन करता है और उन्हें कहता है कि उसने कोई सामान ऑनलाइन मंगा रखा है उसे वह अपने पास रख ले और उस व्यक्ति की पेमेंट कर दे। वह मीट और ऑनलाइन सामान के पैसे उन्हें दे देगा।
कुछ देर बाद व्यक्ति आता है और दुकानदार को लोहे का टुकड़ा पैक करके दे देता है। दुकानदार उसे 9500 रुपए दे देता है। जब शाम के समय दुकानदार ने उस नंबर पर दोबारा फोन किया तो वह बंद आया। इसके बाद दुकानदार ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने इन सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कुल्लू पुलिस ने लोगों से आग्रह किया है कि उनके पास किसी भी अनजान नंबर से फोन आता है तो वह सतर्क रहें और ठगी से बचें।
