नाहन (हिमाचलवार्ता)। करोना काल में लोगों को स्वस्थ रखने और उनके फेफड़ों की क्षमता बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन और आयुष विभाग द्वारा संचालित पोस्ट कोविड केयर सेंटर में अब योगा प्राणायाम के गुरु सिखाए जा रहे हैं।
मीडिया से बात करते हुए डीसी सिरमौर डॉक्टर आरके परुथी ने बताया कि जिला प्रशासन ने आयुष विभाग के साथ मिलकर यहां पोस्ट कोविड केयर सेंटर शुरू किया था। यहां कोरोना संक्रमण को मात दे चुके लोगों को योगा, मेडिटेशन और संगीत के माध्यम से थेरेपी की जानी थी।
परंतु 1 सप्ताह तक जब कोई भी कोरोना को मात दे चुका व्यक्ति यहाँ नहीं पहुंचा तो प्रशासन ने यहां पर लोगों को योग प्राणायाम सिखाने का फैसला लिया। इस पोस्ट कोविड-19 केयर सेंटर में कोई भी इच्छुक व्यक्ति सुबह शाम योग प्राणायाम के गुर सीख सकता है।
योग प्राणायाम वर्तमान कोरोना काल में लोगों के स्वास्थ्य को बरकरार रखने में लाभदायक सिद्ध होगा। प्राणायाम से जहां लोगों के फेफड़ों की क्षमता बढ़ेगी वहीं उन्हें किसी भी प्रकार का संक्रमण उन्हें जल्दी से छू नहीं पायेगा।
पोस्ट कोविड केयर सेंटर में योग प्राणायाम सिखाने के दौरान कॉविड प्रोटोकॉल का पालन किया जाता है। यहां आयुष विभाग द्वारा लगाए गए पोस्टर और बैनर के माध्यम से लोगों को खान पान के साथ साथ दैनिक जीवन में उपयोग होने वाले नियमों के बारे में भी जानकारी दी जा रही है।