नाहन (हिमाचलवार्ता)। ग्राम पंचायत नाहन के गांव मझौली में इन दिनों स्थानीय ग्रामीणों को पेयजल समस्या का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व में गांव में बनी एक प्राचीन बावड़ी से लोग पानी भरा करते थे। लेकिन अब यहां एक व्यक्ति ने अपनी निजी पाइप लाइन लगाकर पेयजल सप्लाई अपने घर की है। जिसके बाद स्थानीय लोग परेशान है।
ग्राम पंचायत नाहन के उप्रधान जय प्रकाश ने बताया कि गांव मझौली में एक प्राचीन बावड़ी से लोग पानी भरते थे। लेकिन इन दिनों यहां एक व्यक्ति ने अपनी निजी पाइप लाइन लगाकर बावड़ी का पानी अपने घर सप्लाई किया है जिस कारण स्थानीय लोगों को परेशानी है। उन्होंने कहा कि समस्या को लेकर आज उपायुक्त सिरमौर को भी शिकायत सौंपी गई है। स्थानीय निवासी कुलदीप सिंह ने कहा कि गांव में प्राचीन बावड़ी से स्थानीय लोग पानी भरते थे।
लेकिन अब एक व्यक्ति ने बावड़ी से पाइप लाइन लगाकर गलत तरीके से अपने घर पेयजल सप्लाई की है। जिस कारण बावड़ी का पानी भी दूषित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि पाइप लाइन लगाने के बाद स्थानीय लोग भी पेयजल के लिए परेशान है। उन्होंने मांग की है कि जल्द से जल्द बावड़ी से निजी पाइप लाइन को हटवाया जाए।
