नाहन (हिमाचलवार्ता)। समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत जिला परियोजना अधिकारी सिरमौर ऋषि पाल शर्मा की अध्यक्षता में यूट्यूब चैनल , प्राइमरी नाहन बनाने वाली ड्रीम इलेवन के सभी ग्यारह सदस्यों की
एक साप्ताहिक ऑनलाइन बैठक आयोजित हुई । 29 मई को चैनल के सफल शुभारंभ के बाद से ही नियमित रूप से साप्ताहिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया जा रहा है।
बैठक में नाहन खंड के खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी, महिमा दत्त शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे व बैठक का संचालन बीआरसीसी नाहन सचिन चौहान द्वारा किया गया। बैठक में सर्वप्रथम जिला परियोजना अधिकारी ने सभी अध्यापकों का राष्ट्र हित में स्वयं को व अपने परिवार को कोविड वैक्सीन लगवाने के लिए आह्वान किया।
उन्होंने यूट्यूब चैनल प्राइमरी नाहन के विडियोज को और अधिक रोचक व अच्छा बनाने के लिए विशेष जानकारी भी दी। ऋषि पाल शर्मा ने ड्रीम इलेवन के अध्यापकों से वीडियो में भाषाई शुद्धता व महत्वपूर्ण बिंदुओं पर अधिक कार्य करने को कहा। साथ ही उन्होंने भारत व हमारे राज्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को दर्शाते वीडियो का भी संकलन चैनल में करने के निर्देश दिए।
ऋषि पाल शर्मा ने चैनल से संबंधित आंकड़ों को प्रदर्शित करते हुए यह जानकारी दी कि मात्र 28 दिनों में ही चैनल के 1500 से ज्यादा सब्सक्राइबर हो गए है वहीं चैनल का वॉच टाइम भी 368 घंटे हो चुका। गत सप्ताह में अरवीन द्वारा डायग्राम पर बनाया वीडियो व फूल सिंह का हिमाचल सामान्य ज्ञान पर बनाया गया वीडियो , लोगों द्वारा काफी सराहा गया। इसके अतिरिक्त भी नवरत्न द्वारा बनाए गए विडियो विद्यार्थियों, अध्यापकों व अभिभावकों को काफी पसंद आ रहे हैं। बैठक में सभी नौ अध्यापकों के साथ आगामी हफ्ते में तैयार किए जाने वाले विडियो पर भी चर्चा की गई।
खंड शिक्षा अधिकारी महिमा दत्त ने भी ड्रीम इलेवन के सदस्यों से चैनल की सफलता के लिए भरसक प्रयास करने का आग्रह किया व जिला परियोजना अधिकारी का बैठक में उपस्थित होने पर आभार व्यक्त किया । आज की बैठक में अर्विन, जहांआरा, सरिता, शबाना , मोनिका , आमिर अली , फूल सिंह, अरुण ,रोहित राज व कुनाल पुंडीर उपस्थित रहे।