नाहन (हिमाचलवार्ता)। जिला सिरमौर के उपमंडल संगड़ाह के साथ लगते चौपाल उपमंडल के कुपवी इलाके में एक कार (एच 08-बी-9007 ) अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल है।
कार सवार सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं। हादसा वीरवार दोपहर के वक्त यहाँ से 102 किलोमीटर दूर हरिपुरधार – लभाण संपर्क मार्ग पर बाग मझोली नामक स्थान पर पेश आया। कार में पांच लोग सवार थे।
हादसा इतना भीषण कि तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई , जबकि एक महिला ने हरिपुरधार अस्पताल ले जाते समय रास्ते दम तोड़ा। मृतकों की पहचान रोशन पुत्र धनीराम (32) , राजेंद्र पुत्र नैन सिंह (33) और जीवन सिंह ( 70 ) के रूप में हुई है। उसकी घटनास्थल पर मृत्यु हुई है। मृतक महिला की पहचान विद्या देवी (42 ), पत्नी केदार सिंह के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक हादसे के 2 मृतक रोशन व राजेंद्र शिक्षा विभाग में टीजीटी के पद पर कार्यरत थे। शिक्षक समाज में उनकी मृत्यु पर शोक की लहर है। कार मे मौजूद रणबीर नामक व्यक्ति को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया। सभी लोग बाग मझोली गांव के रहने वाले हैं।
डीएसपी चौपाल राज कुमार ने दुर्घटना की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।